Radhika Yadav Murder Case: हरियाणा की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की पिता द्वारा हत्या किए जाने पर हर कोई हैरान है। पिता दीपक यादव ने पुलिस के सामने बेटी की हत्या की बात कबूल की है। बता दें कि गुरुग्राम के सुशांत लोक में गुरुवार को सुबह 10 घटी इस घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। वहीं हत्या के बाद राधिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बड़ा खुलासा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि राज्य स्तर की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव को सीने में चार गोलियां मारी गईं और सभी गोलियां बरामद कर ली गई हैं। पुलिस के मुताबिक, राधिका के पिता दीपक यादव ने गुरुवार को गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में अपने घर में कथित रूप से अपनी 25 साल की बेटी को गोली मार दी। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शुक्रवार को अदालत ने दीपक को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अदालत के बाहर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने दो दिन की रिमांड की माँग की थी। अधिकारी ने कहा, "हमें उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद करना है और यह पता लगाना है कि उसने कितनी गोलियां ली थीं।"
आरोपी ने नहीं दिया कोई जवाब
जब पुलिस अधिकारी से पूछा गया कि बंदूक और गोली कहां से बरामद किया जाना है, तो उन्होंने बताया, "आरोपी रेवाड़ी के पास कसम गाँव में ज़मीन का मालिक है। हमें बंदूक और गोली वहीं से लाना है।" वहीं 49 वर्षीय दीपक यादव शुक्रवार को अदालत में पेशी के लिए पुलिस सुरक्षा के साथ पहुंचा। उसने अपना सिर तौलिए से ढका हुआ था। जैसे ही वह अदालत परिसर के पास वाहन से बाहर निकला, मीडियाकर्मियों ने उससे कई सवाल पूछे, खासकर यह कि उसने अपनी ही बेटी की हत्या क्यों की, लेकिन उसे तुरंत अदालत के अंदर ले जाया गया। सुनवाई के बाद जब वह अदालत से बाहर आया, तब उसके सिर से तौलिया हटा हुआ था। मीडियाकर्मी फिर से उससे सवाल करने लगे, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत गाड़ी तक ले जाकर रवाना कर दिया।
टेनिस अकादमी बनी हत्या की वजह?
पुलिस का कहना है कि वे राधिका यादव की हत्या के हर पहलू की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि घटना के समय उनकी मां क्या कर रही थीं। पुलिस के मुताबिक, राधिका द्वारा चलाई जा रही टेनिस अकादमी ही पिता-बेटी के बीच विवाद की वजह बन गई थी। गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दीपक यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया कि उसे बेटी की टेनिस अकादमी चलाने पर आपत्ति थी। इसे लेकर घर में कई बार बहस हुई थी। पुलिस का कहना है कि दीपक को लगता था कि उसकी खुद की आमदनी पर्याप्त है और वह किराये से भी कमाता है, इसलिए राधिका को अकादमी चलाने की ज़रूरत नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।