Raghav Chadha Vs AAP: 'पिक्चर अभी बाकी है...'; अब आर-पार के मूड में राघव चड्ढा, अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा

Raghav Chadha vs AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर बढ़ते तनाव के बीच बागी हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने रविवार (5 अप्रैल) को अपनी ही पार्टी की तरफ से की जा रही आलोचना का तीखा जवाब दिया। AAP ने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया था

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 3:21 PM
Story continues below Advertisement
Raghav Chadha vs Aam Aadmi Party: राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं पर तीखा पलटवार किया है

Raghav Chadha vs AAP: संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दे नहीं उठाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने रविवार (5 अप्रैल) को X पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों पर बोलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में चड्ढा को भूजल स्तर में गिरावट, शहीद-ए-आजम भगत सिंह से जुड़े विषयों और पंजाब-केंद्रित अन्य चिंताओं को उठाते हुए देखा जा सकता है। चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर हो रही आलोचना का जवाब दिया। साथ ही पंजाब के साथ अपने जुड़ाव पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, "आप में मेरे उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने के लिए वीडियो जारी करने पर मजबूर किया गया कि राघव चड्ढा ने संसद में पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए, यह एक छोटा-सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।" चड्ढा कहा कि पंजाब उनके लिए सिर्फ एक चर्चा का विषय नहीं है। बल्कि उनका घर, उनका कर्तव्य और उनकी आत्मा है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने चड्ढा पर आरोप लगाया है कि वह संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने से बचते हैं। इसके बजाय अपने प्रचार-प्रसार में लगे रहते हैं। हालांकि, चड्ढा ने इन आरोपों को झूठ बताते हुए खारिज कर दिया। AAP के राज्यसभा सांसद ने कहा कि वह संसद में जनता के मुद्दे उठाने के लिए जाते हैं, न कि हंगामा करने के लिए।


एक संयुक्त बयान में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और पार्टी नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि कई अहम मामलों पर चड्ढा की चुप्पी निराशाजनक है। चीमा ने कहा कि पंजाब के विधायकों द्वारा राज्यसभा के लिए चुने गए चड्ढा से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के मुद्दों का सशक्त प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद थी। लेकिन उन्होंने इससे जुड़ा एक भी संवेदनशील मुद्दा नहीं उठाया।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास निधि के लगभग 8,500 करोड़ रुपये के लंबित बकाया और माल एवं सेवा कर (GST) से संबंधित लगभग 60,000 करोड़ रुपये के नुकसान सहित प्रमुख वित्तीय मुद्दों को संसद में उजागर नहीं किया गया। उन्होंने जीएसटी मुआवजे में बदलाव और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत फंड से संबंधित मुद्दों के कारण हुए वित्तीय नुकसान को भी उन मामलों में गिनाया जिन्हें सांसद कथित तौर पर उठाने में विफल रहे।

उन्होंने कहा कि पिछले साल पंजाब में आई बाढ़ के बाद प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपये की पूरी वित्तीय सहायता पंजाब को नहीं मिली है। चीमा ने कहा कि यह मुद्दा संसद में भी नहीं उठाया गया। चड्ढा की चुप्पी को निराशाजनक बताते हुए मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी को सांसद से उम्मीद थी कि वह इन मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे। लेकिन उनकी निष्क्रियता पार्टी के सिद्धांतों के विपरीत है।

आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख अरोड़ा ने कहा कि जनता के मुद्दों को निडर होकर उठाना पार्टी के मूलभूत सिद्धांतों में से एक है। इससे किसी भी तरह का विचलन अप्रत्याशित है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लंबित वित्तीय और राहत संबंधी मामलों पर राष्ट्रीय स्तर पर लगातार ध्यान देने की आवश्यकता है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि पार्टी सांसद राघव चड्ढा ने X पर से अपनी वे पुरानी पोस्ट हटा दी हैं। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आलोचना की थी।

ये भी पढ़ें- Raghav Chadha Row: 'राघव चड्ढा को दिल्ली में मुर्गा बनाकर पीटा गया...'; AAP के पूर्व नेता नवीन जयहिंद का सनसनीखेज दावा

भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि राज्यसभा सदस्य की वे पोस्ट भी सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट से गायब हो गई हैं जिन्हें AAP नेताओं ने शेयर किया था। भारद्वाज के आरोपों पर चड्ढा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ये आरोप आप और राज्यसभा सदस्य के बीच जारी विवाद के दौरान आए हैं। यह विवाद दो अप्रैल को राज्यसभा में पार्टी द्वारा चड्ढा को उपनेता पद से हटाए जाने के बाद खुलकर सामने आया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।