झारखंड की राजधानी रांची में पिछले कुछ दिनों से चौक चौराहे से लेकर सड़क के चौड़ीकरण के कार्य में काफी तेजी देखी जा रही है। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुछ दिन पहले 36.6 करोड़ रुपये की स्वीकृति बिरसा चौक- प्रोजेक्ट भवन-चांदनी चौक मार्ग के कायाकल्प के लिए दी है। इसके बाद इस काम में काफी तेजी देखी जा रही है।
सड़क निर्माण विभाग की संयुक्त सचिव प्रिसिला मुर्मू के कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस परियोजना में ज्यामितीय सुधार, एक साइकिल ट्रैक का निर्माण, उपयोगिता स्थानांतरण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन, एक वर्ष के रखरखाव के साथ बागवानी, सार्वजनिक सुविधाएं, सौंदर्यीकरण कार्य, पर्यावरण प्रबंधन योजना का कार्यान्वयन और वृक्षारोपण शामिल होंगी।
नए रूप में नजर आएगी रांची
सचिव प्रिसिला मुर्मू बताती हैं कि आने वाले 10 महीना में आपको रांची की सूरत बदलते हुए नजर आएगी। सड़कें चौड़ी होंगी, चौराहे चौड़े होंगे, साइकिल ट्रैक, वॉकिंग ट्रैक जैसी कई सारी चीजें बनाई जाएंगी। जो लोग साइकिल चलाते हैं, उनके लिए इसमें खास ट्रैक होगा। इससे साइकिलिंग करने वालों को भी काफी सहूलियत होगी।
इसी तरह बिरसा चौक से पुलिस मुख्यालय तक भी सौंदर्यकरण का काम काफी तेज है। नए पौधे लगाए जा रहे हैं, नए लैंप, बैठने की व्यवस्था इन सारी चीजों पर कार्य 24 घंटे देखने को मिल रही है और इस मार्ग में साफ सफाई का भी एकदम विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बता दें, यह मार्ग पुलिस मुख्यालय से लेकर राजभवन जाने के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
सुरक्षित और अधिक व्यवस्थित शहरी कॉरिडोर होगा
विभाग के सचिव सुनील कुमार ने कहा, “यह परियोजना रांची के प्रमुख सरकारी कॉरिडोरों में से एक है। इसे आवागमन और यात्रियों की सुरक्षा दोनों को बेहतर बनाने के लिए तैयार की गई है। इसका उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण नहीं है, बल्कि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए सुविधाओं के साथ-साथ बेहतर भूनिर्माण और पर्यावरण सुरक्षा उपायों से युक्त एक सुरक्षित और अधिक व्यवस्थित शहरी कॉरिडोर का निर्माण करना है।
रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट