Operation Sindoor : पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारत ने पाकिस्तान कम से कम 9 जगहों पर आतंकवादी ठिकानों पर जबरदस्त हमला किया है। भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकी संगठनों के ठिकानों पर बड़ी और सटीक कार्रवाई की है। भारती वायुसेना के हमलों में जैश-ए-मोहम्मद के चार, लश्कर-ए-तैयबा के 3 और हिज्बुल मुजाहिदीन के 2 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे उन स्थलों को निशाना बनाया गया, जहां आतंकवादियों को ट्रेनिंग दी जाती है।
भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने यूपी पुलिस की सभी यूनिटों को डिफेंस यूनिट्स के साथ समन्वय बनाकर अहम ठिकानों की सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिया है।
वहीं भारतीय सेना द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत आतंकी ठिकानों पर किए गए सटीक हमलों के बाद उत्तर प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक ने एक ट्वीट के जरिए जानकारी दी कि पूरे प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस की सभी क्षेत्रीय इकाइयों को सैन्य संस्थाओं के साथ समन्वय बनाए रखने और संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारतीय सेना के मुताबिक, पाकिस्तान में बहावलपुर के मरकज सुभानअल्लाह, मुरीदके में मरकज तैयबा, सरजाल/तेहरा कलां, सियालकोट में महमूना जोया फैसिलिटी, भिंबर में मरकज अहले हदीस , कोटली में मरकज अब्बास और मरकज राहील शाहिद, मुजफ्फराबाद में शावई नाला कैम और मरकज सैयदना बिलाल पर हमला किया है।
जानकारी के मुताबिक, बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय था, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। इस शहर को व्यापक रूप से जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेशन सेंटर माना जाता है। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत की गई कार्रवाई बेहद सीमित, संतुलित और गैर-आक्रामक रही है। इसमें विशेष रूप से ध्यान रखा गया कि पाकिस्तानी सेना की किसी भी ठिकाने को निशाना न बनाया जाए।