Rising Bharat Summit 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूज 18 के खास कार्यक्रम राइजिंग भारत समिट-2025 में शामिल हुए। राइजिंग भारत समिट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, साल 2047 का रोडमैप भारत की परिवर्तनकारी विकास यात्रा को दिशा और प्रेरणा प्रदान कर रहा है। उन्होंने इस मंच से विकसित भारत की तस्वीर दुनिया के सामने रखी।
भारत अब रुकने वाला नहीं है
पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में सामने आई वैश्विक चुनौतियाँ भारत की प्रगति में बाधा नहीं बनीं, बल्कि इन चुनौतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाया है तथा इसके आकार को दोगुना करने में मदद की है। उन्होंने कहा कि भारत न तो अब रुकने वाला है और न ही झुकने वाला है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने युवाओं की आंखों में भारत को विकसित बनाने का जुनून देखा है।
दुनिया को भारत से बड़ी उम्मीदें
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, भारत ने अपनी संभावनाओं को प्रभावशाली नीतियों में बदलते हुए विकास के नए द्वार खोले हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार के सभी निर्णयों का केंद्रबिंदु देश का युवा वर्ग है—उन्हें बेहतर अवसर, संसाधन और वातावरण उपलब्ध कराना ताकि वे स्वयं आगे बढ़ें और राष्ट्र को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि, आज वैश्विक समुदाय भारत को केवल एक देश के रूप में नहीं देख रहा, बल्कि इसके नेतृत्व और विश्व मंच पर बढ़ते प्रभाव से अपनी उम्मीदें जोड़ रहा है।