राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछले महीने विमान हादसे में उनके चाचा और महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार की मौत में साजिश की आशंका है। रोहित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजित पवार से जुड़े एयर क्रैश को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में यह शंका है कि यह सिर्फ एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह हो सकती है। उन्होंने इस मामले की एक्सपर्ट एजेंसियों से पूरी जांच की मांग की।
रोहित पवार ने लगाए ये आरोप
रोहित पवार ने पूछा, “क्या विमान में जरूरत से ज्यादा फ्यूल टैंक लगाए गए थे? इसकी जांच होनी चाहिए और सीसीटीवी फुटेज को ध्यान से देखा जाना चाहिए।” उनका कहना था कि अगर ऐसा हुआ है तो यह गैरकानूनी है और बेहद खतरनाक भी हो सकता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या पायलट पर ईंधन बचाने का दबाव डाला गया था। साथ ही उन्होंने पूछा कि पायलट ने दूसरा चक्कर क्यों नहीं लगाया और क्या लैंडिंग के लिए कोई दूसरा सुरक्षित विकल्प मौजूद था। रोहित पवार ने कहा कि इन सभी सवालों का जवाब जांच के जरिए सामने आना चाहिए, ताकि सच्चाई स्पष्ट हो सके।
यात्रा के शेड्यूल पर भी किया सवाल
रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यात्रा के शेड्यूल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “पहले योजना थी कि दादा 27 जनवरी की शाम मुंबई से पुणे जाएंगे। उनका काफिला भी तैयार था। उसी दौरान एक बड़े नेता उनसे मिलने आए, जिससे देरी हो गई। इसके बाद कार्यक्रम बदल दिया गया और उन्होंने 28 जनवरी की सुबह यात्रा करने का फैसला किया।” उन्होंने आगे कहा कि दादा उड़ान को लेकर हमेशा बहुत सतर्क रहते थे। वे कभी भी जोखिम लेकर उड़ान नहीं भरते थे। रोहित पवार के अनुसार, वे समय पर एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन रवाना होने में देरी हुई।
रोहित पवार ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी जांच के अलावा अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने AAIB (यूके), BEA और NTSB जैसी एजेंसियों का नाम लेते हुए कहा कि इनमें से किसी भी संस्था को जांच की जिम्मेदारी दी जा सकती है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।