Rohit Shetty Firing: फायरिंग का अंडरवर्ल्ड कनेक्शन! क्या रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी के तार उनकी नई फिल्म से जुड़े हैं?

यह फायरिंग रात करीब 12:45 बजे जुहू के महमूद चौक पर शेट्टी टावर की पहली मंजिल पर हुई। पुलिस के मुताबिक, चार से पांच राउंड फायर किए गए, जो इमारत की दीवार और पहली मंजिल पर लगे। इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया

अपडेटेड Feb 02, 2026 पर 3:05 PM
Story continues below Advertisement
Rohit Shetty Firing: क्या रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी के तार उनके नई फिल्म से जुड़े हैं?

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग को लेकर मुंबई पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह घटना उनकी आने वाली फिल्मों या उनके प्रोफेशनल काम से जुड़ी है। हाल ही में रोहित शेट्टी ने पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की अंडरवर्ल्ड पर लिखी किताब के राइट्स खरीदे थे, इस एंगल से भी जांच हो रही है। घटना के बाद पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

यह फायरिंग रात करीब 12:45 बजे जुहू के महमूद चौक पर शेट्टी टावर की पहली मंजिल पर हुई। पुलिस के मुताबिक, चार से पांच राउंड फायर किए गए, जो इमारत की दीवार और पहली मंजिल पर लगे। इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

इस मामले में मुंबई पुलिस ने पुणे से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम हैं – स्वप्निल साकट (23), सिद्धार्थ येनपुरे (20), आदित्य गायकी (19), समर्थ पोमाजी (18) और अमन मारोते (27)। इनमें से एक आरोपी कॉलेज का छात्र है, जबकि बाकी बेरोजगार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि गोली किसने चलाई।


जांच में सामने आया है कि आरोपी मोटरसाइकिल से पुणे से मुंबई आए थे, फायरिंग की और फिर शेट्टी के घर से करीब 2 किलोमीटर दूर बाइक छोड़कर भाग गए। CCTV फुटेज में बाइक सवार को मौके के पास देखा गया है। बाइक पुणे नंबर की थी और एक आरोपी के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसे अब क्राइम ब्रांच और एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, रोहित शेट्टी की बिल्डिंग में तीन निजी सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। फायरिंग के समय गार्ड अंदर ही थे, जिनमें से एक थोड़ी देर के लिए बाहर गया था। गोलियों की आवाज सुनते ही सभी बाहर आए और रोहित शेट्टी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा शुभम लोणकर

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे शुभम लोणकर ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने और रोहित शेट्टी व बॉलीवुड को धमकी देने का दावा किया। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि रोहित शेट्टी को पहले कोई धमकी मिलने की जानकारी नहीं है।

पुणे एंगल की भी गहराई से जांच हो रही है, क्योंकि माना जा रहा है कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की प्लानिंग भी पुणे में बनाई गई थी। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि जुहू फायरिंग केस में गिरफ्तार आरोपियों और बाबा सिद्दीकी हत्या मामले के आरोपियों के बीच अभी कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।

मुंबई पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपियों के वकील ने कोर्ट में कहा कि उनके मुवक्किलों का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है और उन्हें फायरिंग की कोई जानकारी नहीं थी। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर गिरफ्तारियां की गई हैं।

DCP संभाजी कदम ने बताया कि आरोपी पुणे के अलग-अलग इलाकों से हैं और समन्वय के साथ की गई कार्रवाई में उन्हें पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ और जानकारियां सामने आएंगी।

Rohit Shetty: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में चार गिरफ्तार, पुलिस हिरासत में नए खुलासे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।