मंगलवार को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग एरिया के पास भारी बारिश की वजह से काफी जलजमाव हो गया। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के अंदर पानी को निकाल कर स्थिति को पूरी तरह से बहाल कर दिया।

मंगलवार को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग एरिया के पास भारी बारिश की वजह से काफी जलजमाव हो गया। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के अंदर पानी को निकाल कर स्थिति को पूरी तरह से बहाल कर दिया।
वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि जलभराव के दौरान वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से निकाला गया, जिससे उड़ानों के संचालन या यात्रियों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा और अब एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि अचानक हुई तेज बारिश के चलते टर्मिनल और पार्किंग एरिया के बीच कुछ समय के लिए जलभराव हो गया था। हालांकि, एयरपोर्ट की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और आधे घंटे से भी कम समय में पानी निकाल दिया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, इस दौरान फ्लाइट ऑपरेशन और यात्रियों के पिक-अप की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही। जलभराव खत्म होने के बाद टर्मिनल और पार्किंग के बीच वाहनों और यात्रियों की आवाजाही भी अब पूरी तरह सामान्य है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने आगे कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में यात्रियों को परेशानी न हो।
वायरल तस्वीरों में पार्किंग जोन और उसे टर्मिनल से जोड़ने वाले रास्ते पर बारिश का पानी जमा हुआ दिखाई दिया। हालांकि, Moneycontrol इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
AAP और कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी X पर एयरपोर्ट का एक वीडियो शेयर किया और कहा कि इससे "मोदी सरकार के भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण की सच्चाई सामने आ गई है"।
AAP ने कहा, "नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जिसे लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था और जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने सिर्फ 6 महीने पहले किया था, आज पहली ही बारिश में मोदी सरकार के भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण की असलियत सामने आ गई है।"
कांग्रेस ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। वीडियो शेयर करते हुए पार्टी ने आरोप लगाया कि यह स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "भ्रष्ट मार्गदर्शन" में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के हाल को दिखाती है।
नरेंद्र मोदी के 'भ्रष्टाचारी मार्गदर्शन' में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का हाल pic.twitter.com/mggME6n05P — Congress (@INCIndia) August 11, 2026
सोशल मीडिया पर हुई आलोचना
इन वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी काफी आलोचनाएं हुईं। यूजर्स ने एयरपोर्ट के ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, "देखिए!! अब आप एयरपोर्ट और सीपोर्ट, दोनों का अनुभव एक साथ कर सकते हैं। ऐसे ही थोड़ी न 'विश्वगुरु' कहा जाता है।
हालांकि, एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना था कि पानी जमा होने की समस्या कुछ समय के लिए ही थी और इससे उड़ानों के संचालन या एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।