दिल्ली में 4 से 6 जुलाई तक RSS के प्रांत प्रचारकों की होगी बड़ी बैठक, इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

RSS Meeting in New Delhi: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रतिवर्ष होने वाली अखिल भारतीय स्तर की प्रांत प्रचारक बैठक 4 से 6 जुलाई तक दिल्ली में होगी। देशभर के सभी प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक एवं क्षेत्र प्रचारक तथा सह क्षेत्र प्रचारक बैठक में उपस्थित रहेंगे। आगामी सालों के लिए कार्यान्वयन योजना पर चर्चा करने के लिए यह एक आवश्यक बैठक मानी जा रही है

अपडेटेड Jun 23, 2025 पर 2:52 PM
Story continues below Advertisement
RSS Meeting in New Delhi: यह बैठक दिल्ली में आरएसएस कार्यालय भवन 'केशव कुंज' में होगा

RSS Meeting in New Delhi News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रतिवर्ष होने वाली अखिल भारतीय स्तर की प्रांत प्रचारक बैठक अगले महीने चार, पांच एवं छह जुलाई को देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने जा रही है। यह अहम बैठक दिल्ली में आरएसएस कार्यालय भवन 'केशव कुंज' में होगा। इस बैठक में सभी प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक और क्षेत्र प्रचारक (3-4 प्रांतों की क्षेत्रीय इकाइयां) एवं सह क्षेत्र प्रचारक शामिल होंगे। संघ में कुल 11 क्षेत्र एवं 46 प्रांत बनाए गए हैं। इस बैठक में संघ प्रेरित विविध संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि RSS की वार्षिक राष्ट्रीय स्तर की प्रांत प्रचारक (प्रांतीय प्रभारी प्रचारक) बैठक इस साल विक्रम संवत 2082-आषाढ़ शुक्ल नवमी, दशी और एकादशी (4, 5 और 6 जुलाई 2025) को दिल्ली में आयोजित होने वाली है।

बैठक की डिटेल्स देते हुए RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि बैठक में देशभर के सभी प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक एवं क्षेत्र प्रचारक तथा सह क्षेत्र प्रचारक बैठक में उपस्थित रहेंगे। संघ के विभिन्न स्तरों के ट्रेनिंग क्लास पूर्ण होने के पश्चात आगामी योजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा की दृष्टि से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जाती है।


बैठक में हाल ही में संपन्न हुए संघ के ट्रेनिंग की समीक्षा, आगामी शताब्दी वर्ष के निर्धारित विविध कार्यक्रमों की योजना का क्रियान्वयन, सरसंघचालक मोहन भागवत के वर्ष 2025-26 की प्रवास योजना जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। संघ शताब्दी वर्ष (2025-26) के कार्यक्रम आगामी विजयादशमी अर्थात 2 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर अगले वर्ष विजयादशमी 2026 तक चलेंगे।

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले , सभी सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, सी आर मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त, आलोक कुमार, अतुल लिमये सहित सभी अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख, सह प्रमुख एवं कार्यकारिणी के सदस्य बैठक में भाग लेने वाले हैं। बैठक के लिए RSS प्रमुख मोहन भागवत 28 जून को दिल्ली पहुंचेंगे।

आगामी वर्ष के लिए कार्यान्वयन योजना पर चर्चा करने के लिए यह एक आवश्यक बैठक मानी जा रही है। बैठक की अध्यक्षता RSS सरसंघचालक मोहन भागवत करेंगे। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले और अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। बैठक में विभिन्न प्रांतों से 11 क्षेत्रीय प्रमुख और 46 प्रचारकों के साथ-साथ संगठन के वरिष्ठ स्वयंसेवक भी भाग लेंगे।

ये भी पढ़ें- Bypoll Elections Results 2025: दिल्ली में करारी हार के बाद केजरीवाल ने चखा जीत का स्वाद, पंजाब और गुजरात में AAP कैंडिडेट जीते

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।