Rudraprayag Bus Accident: उत्तराखंड में गुरुवार (26 जून) को बड़ा हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग जिले के घोलथिर में 18 सीटों वाली एक बस के अलकनंदा नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि अभी कुछ लोगों के लापता होने की आशंका है। SDRF, उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन की टीमें बचाव एवं तलाशी अभियान शुरू कर दी हैं।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता IG नीलेश आनंद भरणे ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "रुद्रप्रयाग जिले के घोलथिर इलाके में एक बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। अब तक मिली जानकारी के अनुसार बस में 18 लोग सवार थे।"
न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, 11 यात्री अभी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बस संभवतः एक टेम्पो ट्रैवलर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ।
पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल, लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चला रहे हैं। घायलों में दो 9 वर्षीय बच्चे भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि बस ऊपर की ओर जा रही थी। तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस नदी में गिर गई।
नदी का तेज बहाव होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। मौके पर पुलिस-प्रशासन के अलावा भारी संख्या में लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई है। ABP न्यूज के मुताबिक, अब तक आठ लोगों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। जबकि एक की मौत होने की सूचना आई है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। सीएम गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। SDRF सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।"
रिपोर्ट के मुताबिक बस टैंपो ट्रैवलर्स का था। सभी यात्री बद्रीनाथ दर्शन करने जा रहे थे। बस में कुल 18 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इसमें सात से आठ को निकाल लिया गया है। कुछ घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यह घटना गुरुवार सुबह हुई है। बस में राजस्थान के उदयपुर का एक परिवार भी था जो चारधाम यात्रा पर आया था ।