Fear of Blue Drum: मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड का असर मेरठ में नीले रंग के ड्रम के व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। मेरठ में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर उसके शव को टुकड़ों में काटकर गीले सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया। इस खौफनाक घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। इसका असर अलीगढ़ में हार्डवेयर की दुकानों पर भी दिख रहा है, जहां नीले ड्रम की बिक्री में भारी गिरावट आई है। नीले ड्रम को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की रील भी वायरल हो रही है। ऐसे में अब अलीगढ़ में नीले ड्रम की बिक्री में कमी आई है।
मेरठ हत्याकांड के बाद खौफ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुस्कान नाम की महिला ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर ‘नीले ड्रम’ को लेकर कई मजाक और रील्स वायरल हो रही हैं। लोग अब नीला ड्रम खरीदने से डर रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि पड़ोसी या दोस्त मजाक में उन पर शक कर सकते हैं। कई लोग अब नीले ड्रम की जगह दूसरे रंग के ड्रम खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं, ताकि वे किसी मजाक का शिकार न बनें। मेरठ की इस दिल दहला देने वाली घटना का असर अब अलीगढ़ के बाजारों पर भी साफ दिख रहा है। वहीं नीले रंग के ड्रम का व्यापार करने वाले व्यापारी डरे हुए हैं और जो ग्राहक नीले रंग का ड्रम खरीदने आते हैं, उनसे आईडी प्रूफ मांग रहे हैं।
अलीगढ़ में ड्रम की बिक्री घटी
मेरठ में हुई डरावनी घटना का असर अलीगढ़ के बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। रसलगंज के ड्रम बाजार में पहले जहां हर महीने 40-50 ड्रम बिकते थे, अब यह संख्या घटकर सिर्फ 15 रह गई है। ड्रम बेचने वाले शाहनवाज ने बताया कि ग्राहक अब ड्रम को इस घटना से जोड़कर देख रहे हैं, जिससे बिक्री बहुत कम हो गई है। पहले जो बाजार चहल-पहल से भरा रहता था, अब वहां सन्नाटा छाया रहता है।
करीब 20 साल से ड्रम बेच रहे दुकानदार मोहम्मद नदीम ने कहा कि इस घटना के डर ने उनकी कमाई पर बुरा असर डाला है। सिर्फ नीले ड्रम ही नहीं, बल्कि और भी कई चीजों की बिक्री में गिरावट आई है।लोगों में डर इतना बढ़ गया है कि सोशल मीडिया पर इसको लेकर मजाक और मीम्स भी बनाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासी राजकुमार ने चिंता जताई कि इस तरह मजाक उड़ाने के बजाय लोगों को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए और असली समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। बाजार की हालत खराब है, दुकानें खाली हैं और ग्राहक कम हो गए हैं। इस घटना के असर से व्यापारी चिंतित हैं और आगे की स्थिति को लेकर डर महसूस कर रहे हैं।