Delhi-NCR Rain: दिल्ली में आंधी के साथ जमकर बारिश, कई हिस्सों में पानी भरा, पेड़ गिरे; IMD ने जारी की चेतावनी

शनिवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, जिसमें अगले 2 से 3 घंटों में तेज आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी। बिगड़ते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने निवासियों से जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है

अपडेटेड May 25, 2025 पर 8:33 AM
Story continues below Advertisement
IMD ने लोगों को खुले स्थानों से बचने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की चेतावनी दी है। (Image: ANI)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार तड़के भारी बारिश और आंधी देखी गई। इसके बाद दिल्ली के कई हिस्सों में गंभीर जलभराव की खबर है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में मोती बाग, मिंटो रोड, ITO और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल 1 के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। नानकपुरा अंडरपास में पानी भर चुका है। अकबर रोड पर कई पेड़ गिर गए। दिल्ली के अलावा हरियाणा के झज्जर के कई हिस्सों में भी आंधी के साथ भारी बारिश हुई। एनसीआर क्षेत्र भी बारिश में भीगा हुआ है।

इससे पहले शनिवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, जिसमें अगले 2 से 3 घंटों में तेज आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी।

IMD ने कहा था, एक तूफानी क्षेत्र पश्चिम/उत्तर-पश्चिम से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की ओर आ रहा है। इसके असर से, अगले 1 से 2 घंटों में शहर के कुछ हिस्सों में तेज आंधी या धूल उड़ाने वाली हवा की गतिविधि के साथ-साथ बार-बार बिजली चमकने और 40-60 किमी/घंटा या उससे अधिक की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।


IMD की लोगों से क्या है अपील

बिगड़ते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने निवासियों से जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। IMD ने लोगों को खुले स्थानों से बचने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की चेतावनी दी है। नागरिकों से कमजोर दीवारों या अस्थिर स्ट्रक्चर से बचने और जल निकायों से दूर रहने को भी कहा गया है। तूफान के संभावित प्रभावों में पेड़ उखड़ना और शाखाएं टूटना शामिल है। केले और पपीते जैसी फसलों को नुकसान हो सकता है। शहर के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी भी आ सकती है।

Korba: प्रकृति की गोद में बसी है काले हीरे की ये धरती, यहां की जमीन भारत के लिए गेम चेंजर से कम नहीं

हाल ही में बुधवार को बादलों का एक समूह उत्तरी दिल्ली में प्रवेश कर दक्षिण-दक्षिणपूर्व की ओर बढ़ गया, जिससे धूल भरी आंधी और तेज हवा चलने लगी। हवा 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जो बढ़कर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी, उसके बाद आंधी, ओलावृष्टि और बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।