Shahzad Bhatti Network: आतंक के खिलाफ भारत सरकार का बड़ा एक्शन! शाहजाद भट्टी नेटवर्क UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित

Shahzad Bhatti Network: केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 'शाहजाद भट्टी नेटवर्क' को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। भारत सरकार ते मुताबिक, यह नेटवर्क सीमा पार से हथियारों, विस्फोटकों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है

अपडेटेड Sep 16, 2026 पर 3:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Shahzad Bhatti Network: शाहजाद भट्टी नेटवर्क युवाओं और छोटे-मोटे अपराधों में शामिल लोगों को आतंकवाद की ओर उकसाने का भी काम करता है

Shahzad Bhatti Network प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' के पॉलिसी को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 'शाहजाद भट्टी नेटवर्क (Shahzad Bhatti Network)' को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह नेटवर्क सीमा पार से हथियारों, विस्फोटकों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है। इसके अलावा संगठन युवाओं और छोटे-मोटे अपराधों में शामिल लोगों को आतंकवाद की ओर उकसाने का भी काम करता है।

गृहमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक पोस्ट में कहा, "आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस (सख्त रवैये) के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्रालय (MHA) ने 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' (SBN)  को UAPA के तहत एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है। यह समूह हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की सीमा-पार तस्करी में शामिल है। साथ ही युवाओं और छोटे-मोटे अपराधियों को आतंकवाद की ओर उकसाता है। भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और सांप्रदायिक सद्भाव को निशाना बनाते हुए, यह सिंडिकेट नफ़रत फैलाने वाला डिजिटल कंटेंट भी प्रकाशित करता था।"

मंत्रालय के अनुसार, यह सिंडिकेट भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को निशाना बनाने की गतिविधियों में भी संलिप्त रहा है। संगठन की ओर से कथित तौर पर नफरत फैलाने वाली डिजिटल सामग्री भी प्रकाशित की गई।


सरकार का यह कदम आतंकवाद, सीमा पार से होने वाली तस्करी और युवाओं के कट्टरपंथीकरण के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। Shahzad Bhatti Network (SBN) को लेकर अगस्त-सितंबर 2026 में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की है।

शाहजाद भट्टी नेटवर्क क्या है?

  • भारतीय गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियां इसे पाकिस्तान-आधारित और ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क के रूप में बताती हैं। नेटवर्क का नाम शहजाद भट्टी से जुड़ा है, जिसे भारतीय एजेंसियों ने पाकिस्तान में बैठे एक प्रमुख हैंडलर के तौर पर चिन्हित किया है।
  • रिपोर्टों के अनुसार, नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए युवाओं और स्थानीय अपराधियों को अपने संपर्क में लाने की कोशिश करता था। एजेंसियों के अनुसार, नेटवर्क पर ग्रेनेड/IED हमलों, हथियार और विस्फोटक पहुंचाने, टारगेटेड हमलों तथा रेकी (surveillance) से जुड़े मामलों में भूमिका के आरोप हैं।

अगस्त 2026 में क्या कार्रवाई हुई?

  • स्वतंत्रता दिवस से पहले 12 अगस्त 2026 को कई राज्यों में समन्वित कार्रवाई की गई। गृह मंत्रालय के अनुसार, 14 राज्यों में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, 80 से अधिक FIR दर्ज हुईं और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां बताई गईं।
  • रिपोर्ट की गई बरामदगी में IED, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड शामिल हैं। कुछ CCTV कैमरों को भी कथित तौर पर निगरानी/जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई।
  • जांच एजेंसियों के मुताबिक नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण तरीका सोशल मीडिया के जरिए युवाओं और छोटे अपराधों में शामिल लोगों को जोड़ना था। उन्हें पैसे या दूसरे लालच देकर रेकी, हथियार पहुंचाने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने के आरोप सामने आए हैं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाई स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर बिग अपडेट, मंत्रालय को सौंपा गया DPR, सारी डिटेल जानिए

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।