Honeymoon Murder Case: हनीमून के दौरान पति राजा रघुवंशी की हत्या करने की आरोपी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने हनीमून मर्डर केस की आरोपी सोनम रघुवंशी को ट्रायल कोर्ट के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है। जस्टिस एम. एम. सुंदरेश और जस्टिस पी. बी. वराले की पीठ ने इसके लिए उन्हें तीन सप्ताह का समय दिया है।
शीर्ष अदालत की बेंच ने यह भी साफ किया कि अगर इस मामले में ट्रायल छह महीने के अंदर पूरा नहीं होता है, तो सोनम रघुवंशी जमानत के लिए फिर से अदालत का दरवाज़ा खटखटा सकती हैं। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने हनीमून के दौरान पति की हत्या करने की आरोपी सोनम रघुवंशी को दी गई जमानत रद्द कर दी।
यह घटनाक्रम तब हुआ जब सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया कि सोनम के पास दो विकल्प थे। या तो वह अपनी जमानत की मेरिट पर सुनवाई का सामना करें या फिर तब तक अस्थायी रूप से सरेंडर कर दें जब तक कि ट्रायल कोर्ट अभियोजन पक्ष के मुख्य गवाहों से पूछताछ न कर ले।
पिछली सुनवाई के दौरान, बेंच ने उन आधारों पर संदेह जताया था जिन पर निचली अदालतों ने सोनम रघुवंशी को जमानत दी थी। साथ ही सुझाव दिया था कि अहम सबूतों को रिकॉर्ड किए जाने के दौरान सरेंडर करना बेहतर कदम हो सकता है।
मेघालय सरकार की याचिका पर फैसला
शीर्ष अदालत ने सोनम को जमानत दिए जाने के खिलाफ मेघालय सरकार की याचिका स्वीकार कर ली। मेघालय सरकार ने सोनम रघुवंशी को जमानत देने वाले आदेश को चुनौती दी थी। सोनम पर मई 2025 में मेघालय में अपने हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
अभियोजन पक्ष ने लगातार यह तर्क दिया है कि सोनम रघुवंशी को अपनी गिरफ्तारी के कारणों की पूरी जानकारी थी। गिरफ्तारी के दस्तावेजों में जो विसंगति थी, जहां हत्या से संबंधित प्रावधान वाली धारा 103 के बजाय भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 403 का ज़िक्र था। वह महज़ एक टाइपिंग की गलती थी जिसे जमानत का आधार नहीं बनाया जा सकता।
पति की हत्या करवाने का आरोप
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यदि मुकदमे की सुनवाई आगे नहीं बढ़ती और छह महीने के भीतर पूरी नहीं होती है तो सोनम नई जमानत याचिका दायर कर सकती है। मध्य प्रदेश के इंदौर की निवासी सोनम को उसके कारोबारी पति राजा रघुवंशी की हत्या के सिलसिले में पिछले साल जून में गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला तब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया जब राजा और सोनम रघुवंशी मेघालय में अपने हनीमून के दौरान लापता हो गए। बाद में राजा का शव वेइसॉवडोंग फॉल्स के पास एक खाई से बरामद किया गया। जबकि सोनम रघुवंशी का पता कुछ दिनों बाद उत्तर प्रदेश में चला।
इसके बाद जांचकर्ताओं ने सोनम रघुवंशी और उनके कथित प्रेमी राज कुशवाहा को हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी बनाया। यह कपल पिछले साल 23 मई को मेघालय के सोहरा क्षेत्र में छुट्टियां मनाने के दौरान लापता हो गया था।
बाद में दो जून 2025 को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। पुलिस ने आरोप लगाया है कि सोनम ने भाड़े के हमलावरों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए अपने पति की हत्या की साजिश रची थी।