Delhi News: दिल्ली पुलिस ने आज एक हत्याकांड का खुलासा किया है जिसने सभी को चौंका दिया है। पुलिस ने एक महिला और उसके प्रेमी को अपने पति की हत्या करने और शव को सोनीपत के एक नाले में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह मामला एक साल पुराना है, जिसमें दिल्ली पुलिस ने लंबी जांच और कई कड़ियों को जोड़ने के बाद सुलझाया है। पति की हत्या के पीछे की वजह महिला का प्रेमी के साथ संबंध और पति का आपराधिक स्वभाव बताया जा रहा है। इस पूरी घटना में एक और आरोपी शामिल है, जो फिलहाल फरार है।
कैसे सुलझाई पुलिस ने गुमशुदगी की गुत्थी?
पुलिस के अनुसार, मृत व्यक्ति प्रीतम प्रकाश (42) अलीपुर का एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर 10 से ज्यादा मामले दर्ज थे। जुलाई 2024 में सोनिया ने अपने पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में यह एक सामान्य गुमशुदगी का मामला लग रहा था, लेकिन जब प्रीतम के कोई वित्तीय या डिजिटल निशान नहीं मिले, तो पुलिस को शक हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने प्रीतम के मोबाइल नंबर को ट्रैक किया, जो लगभग एक साल बाद फिर से चालू हुआ था। यह फोन सोनीपत में इस्तेमाल हो रहा था, जिससे पुलिस उसके प्रेमी रोहित (28) तक पहुंची। पूछताछ में रोहित ने सोनिया के साथ मिलकर प्रीतम की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
₹50,000 में हुई थी मर्डर की डील
पुलिस ने बताया कि 5 जुलाई 2024 को सोनिया ने अपनी बहन के देवर विजय को अपने पति को मारने के लिए ₹50,000 की पेशकश की थी। उसी रात जब सोनिया छत पर सो रही थी, विजय ने प्रीतम की हत्या कर दी और शव को अगवानपुर के पास एक नाले में फेंक दिया। विजय ने सबूत मिटाने के लिए शव का एक वीडियो सोनिया को भेजा था, जिसे बाद में सोनिया ने डिलीट कर दिया। हत्या के बाद सोनिया ने प्रीतम का ऑटो-रिक्शा ₹4.5 लाख में बेच दिया और उसका मोबाइल रोहित को दे दिया। इस काम को अंजाम देने में सोनिया का प्रेमी रोहित भी विजय का साथ दे रहा था। हरियाणा पुलिस को उसी दौरान एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी अब डीएनए जांच के जरिए पहचान की जाएगी।
शादी के बाद भी प्रेम-प्रसंग था जारी
जांच में पता चला कि सोनिया और प्रीतम की शादी 15 साल की उम्र में हुई थी और उनके तीन बच्चे है। वहीं, सोनिया का प्रेमी रोहित भी एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिस पर हत्या और हथियार रखने के चार मामले दर्ज है। रोहित ने अप्रैल 2025 में शादी भी की थी, लेकिन वह सोनिया के साथ अपने संबंध जारी रखे हुए था। पुलिस अब फरार चल रहे तीसरे आरोपी विजय की तलाश कर रही है।