पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। इसी बीच शनिवार (14 फरवरी) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजमूदर ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। इसी बीच शनिवार (14 फरवरी) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजमूदर ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है।
शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने TMC को निशाने पर लेते हुए कहा, "एक ज़माने में CPM कहा करती थी। लाला, बंगाल छोड़ दो। अब तृणमूल कह रही है, लाला, बंगाल छोड़ दो। क्योंकि, अगर लाला ने मुंह खोल दिया, तो पता चल जाएगा कि किसने कितना कोयला खाया है, भतीजे ने कितना खाया है और दीदी ने कितना खाया है।" उन्होंने सीधे तौर पर कोयला तस्करी गिरोह की ओर इशारा करते हुए दावा किया कि इस पूरे नेटवर्क के पास कई बड़े नेताओं की 'सीक्रेट जानकारी' है।
इसके साथ ही सुकांता मजमूदर ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ी मांग रखी। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सिर्फ एक ही मांग है, राज्य के हर मतदान केंद्र पर केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती हो। उन्होंने कहा, "चुनाव दो राउंड में हों या तीन राउंड, हमें फर्क नहीं पड़ता। जितने राउंड हों, हर बूथ पर सेंट्रल फोर्स चाहिए। तभी निष्पक्ष चुनाव संभव है।"
वहीं, उन्होंने SIR प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वरूपनगर जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में वैध वोटरों के नाम सूची से छूट गए हैं। उनका कहना है कि यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
सुकांता मजमूदर ने राज्य के कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि सीमावर्ती इलाकों में कट्टर ताकतें धीरे-धीरे मजबूत हो रही हैं, जो न सिर्फ बंगाल बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, "बॉर्डर के पास की कई सीटों पर हालात बदल रहे हैं। आने वाले दिनों में बड़ी चुनौतियां सामने हैं।"
हालांकि तीखे राजनीतिक आरोपों के बीच बीजेपी ने सामाजिक पहल की भी बात की। सुकांता मजमूदर ने बताया कि पार्टी की ओर से दिव्यांग लोगों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण बांटे जाएंगे। साथ ही राज्य में 'स्वदेशी मेला' का आयोजन कर पूर्वोत्तर राज्यों के कारीगरों को मंच दिया गया, ताकि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा, "हम आज 400 बेनिफिशियरी जो स्पेशली डिसेबल्ड हैं, उन्हें ट्राइसाइकिल, हाथ से चलने वाली, बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर आदि, करीब 53 लाख रुपये का सामान डोनेट करेंगे।" साथ ही उन्होंने कहा, "MDoNER यानी नॉर्थ ईस्ट इंडिया डेवलपमेंट मिनिस्ट्री ने इसमें मदद की है।"
कुल मिलाकर, बंगाल चुनाव से पहले सत्ताधारी तृणमूल और विपक्षी बीजेपी के बीच टकराव और तेज हो गया है। सुकांता मजमूदर के इन बयानों के बाद साफ है कि आने वाले दिनों में चुनावी जंग और भी तीखी होने वाली है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।