राजधानी दिल्ली समेत इस समय पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है। यहां न केवल दिन में बल्कि रात में भी लोगों को गर्मी राहत नहीं मिल रही है। देश के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए भारत के विभिन्न राज्यों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।यहां तक की कुछ राज्यों ने तो समय से पहले ही गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। हाल ही में ओडिशा के मुख्यमंत्री ने राज्य में 27 अप्रैल से गर्मी की छुट्टी का ऐलान किया है, वहीं उत्तराखंड में स्कूलों के टाइम में बदलाव किया गया है।
इन राज्यों में बदला स्कूलों का समय
भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए हरिद्वार के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने पूरे जिले में स्कूलों के समय में बदलाव करने के निर्देश जारी किया है। आदेश में कहा गया है, 27 अप्रैल से 26 मई तक, सभी प्री-प्राइमरी से क्लास 5 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगे। जबकि क्लास 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश में भी स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों (कक्षा 1 से 8) का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया है।
ओडिशा में गर्मी की छुट्टी का ऐलान
वहीं ओडिशा में भीषण गर्मी की लहर को देखते हुए सरकार ने शुक्रवार को छात्रों के लिए गर्मियों की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी और 27 अप्रैल से राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने का ऐलान किया। ओडिशा सरकार की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से गर्मियों की छुट्टियों के लिए बंद हो जाएंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं, जनगणना का काम और अन्य कार्यालयी कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे।
दिल्ली के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 11 मई, 2026 से शुरू हो सकती हैं। यह 30 जून, 2026 तक रहेंगी। ये तिथियां सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और कई निजी स्कूलों पर लागू होती हैं। हालांकि अभी कोई ऑफिशियल अपडेट नहीं है। राजस्थान शिक्षा विभाग के 2026-27 शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार, स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 17 मई, 2026 से 20 जून, 2026 तक रहेंगी।