Sunetra Pawar: 'अजित दादा के परिवार के साथ खड़े हैं': देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम के फैसले पर NCP का किया समर्थन

Sunetra Pawar Maharashtra Deputy CM: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सत्ताधारी 'महायुति' गठबंधन 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत के बाद खाली हुए उपमुख्यमंत्री पद पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के फैसले का समर्थन करेगा। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आज डिप्टी सीएम की शपथ लेंगी

अपडेटेड Jan 31, 2026 पर 12:13 PM
Story continues below Advertisement
Sunetra Pawar Maharashtra Deputy CM: देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अजित दादा के परिवार और उकी पार्टी NCP के साथ हम खड़े हैं

Sunetra Pawar Maharashtra Deputy CM: सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिवंगत अजित पवार के परिवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की तरफ से लिए गए किसी भी फैसले का समर्थन करेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने कहा, "NCP उपमुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला लेगी, सरकार और BJP उस फैसले का समर्थन करेंगे।'"

उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम अजित दादा के परिवार और NCP के साथ खड़े हैं।" NCP के सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा सदस्य एवं दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आज यानी शनिवार को शाम पांच बजे महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं।

इस सवाल पर कि क्या NCP की ओर से कोई प्रस्ताव आया है? फडणवीस ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने विकल्पों पर उनसे दो बार चर्चा की है। वित्त मंत्रालय का प्रभार अजित पवार के पास था। ऐसे में बजट कौन पेश करेगा? इस सवाल पर फडणवीस ने कहा कि अजित पवार ने बजट की काफी तैयारी कर ली थी।


उन्होंने कहा, "मैं व्यक्तिगत रूप से इस पर गौर करूंगा और संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करूंगा। अंत में हम तय करेंगे कि क्या करना है।" बुधवार को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी। गुरुवार को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान कॉलेज मैदान में प्रमुख राजनेताओं और हजारों लोगों की उपस्थिति में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार किया गया था।

सुनेत्रा पवार आज लेंगी शपथ

अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका स्थान लेने की तैयारी के तहत उनकी पत्नी एवं राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार को मुंबई पहुंच गईं। वह अपने बेटे पार्थ के साथ तड़के दक्षिण मुंबई स्थित अजित पवार के आधिकारिक आवास देवगिरि पहुंचीं। 62 साल की सुनेत्रा महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। वह शनिवार दोपहर मुंबई में होने वाली बैठक में NCP की विधायक दल की नेता चुनी जाएंगी। इसके बाद उनके महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना है।

बुधवार को बारामती में एक विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के आसन्न विलय को लेकर चर्चाएं भले ही तेज हो गई थीं। लेकिन शरद पवार के परिवार और NCP (शरदचंद्र पवार) से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उन्हें सुनेत्रा के राज्य मंत्रिमंडल में शामिल के फैसले में बारे में कोई जानकारी नहीं है।

एक सूत्र ने कहा, "MCP (SP) नेतृत्व और शरद पवार के परिवार के सदस्यों को सुनेत्रा की योजनाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं है।" सुनेत्रा पवार 2024 के लोकसभा चुनाव तक सुर्खियों से दूर रहीं। उसी वर्ष हुए आम चुनाव में उन्होंने अपने पति की पार्टी की उम्मीदवार के रूप में बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन प्रतिष्ठा की लड़ाई में अपनी ननद एवं NCP (शरदचंद्र पवार) उम्मीदवार सुप्रिया सुले से हार गईं।

ये भी पढ़ें- Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार होंगी महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम! आज शाम ले सकती हैं शपथ, NCP प्रमुख का भी होगा ऐलान

इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं। राज्य मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने बताया था कि NCP का विधायक दल शनिवार दोपहर मुंबई में एक बैठक करेगा जिसमें सुनेत्रा को पार्टी नेता के रूप में नामित किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।