बिजनेसमैन संजय कपूर की अचानक मृत्यु के एक महीने बाद, उनकी मां रानी कपूर ने उनकी कंपनी सोना कॉमस्टार और मार्केट रेगुलेटर SEBI को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने अपने बेटे की अचानक मौत पर सवाल उठाए और कई गंभीर आरोप भी लगाए। पत्र में "संदिग्ध परिस्थितियों" में संजय कपूर की मौत पर सवाल उठाया है और कहा है कि "जो सामने दिख रहा है उससे कहीं ज्यादा है"। हालांकि, इस मुद्दे पर हमारे सहयोगी News18 ने कंपनी के MD विक्रम सिंह से इस पर उनकी प्रतिक्रिया लेनी चाही, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
संजय कपूर सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे, जो ऑटोमोटिव पार्ट बनाने वाली एक लीडिंग कंपनी है, जिसका कारोबार न सिर्फ भारत में बल्की चीन, मैक्सिको, सर्बिया और अमेरिका में भी है। साथ ही ये कंपनी अब EV मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस से भी जुड़ी है। 53 साल के कपूर की 12 जून को एक पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई थी। बताया गया कि एक मधुमक्खी उनके मुंह में चली गई और गले में फंस गई, जिसने अंदर डंक मार दिया था।
कथित तौर पर, वे दुनिया के 2703वें सबसे अमीर व्यक्ति थे। उनकी लिस्टेड कंपनी की वैल्यू 40,000 करोड़ रुपए थी। सोना कॉमस्टार की स्थापना उनके पिता सुरिंदर कपूर ने 1997 में की थी।
संजय कपूर की मां ने क्या आरोप लगाए?
AGM स्थगित करने की मांग करते हुए, रानी ने आरोप लगाया है, "जैसा कि आप जानते हैं, 12.06.2025 को मेरे बेटे संजय कपूर का यूनाइटेड किंगडम में बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में दुखद निधन हो गया। तमाम कोशिशों के बावजूद, मुझे अपने बेटे की मौत के बारे में कोई जवाब नहीं मिल पा रहा है। जानकारी मांगने के बावजूद, मुझे घटना से जुड़ा कोई भी सही और तार्किक जवाब या दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं और मुझे सिर्फ उतना ही पता है, जो जानकारी या वर्जन मीडिया के जरिए सामने आया है। जब हम शोक में हैं, तब ऐसे वक्त में कुछ लोग पारिवारिक विरासत हड़पने की कोशिश कर रहे हैं।"
मुझे बिना पढ़े दस्तावेजों पर साइन करने के लिए मजबूर किया: रानी कपूर
रानी ने कहा कि उन्हें ऐसे दस्तावेजों पर साइन करने के लिए मजबूर किया गया है, जिन्हें उन्होंने न तो पढ़ा है और न ही समझा है। उन्होंने कहा, "शोक के इस समय, मुझसे कई बार संपर्क किया गया और बिना कोई स्पष्टीकरण दिए या उन्हें पढ़ने-समझने का समय दिए बिना ही अलग-अलग दस्तावेजों पर सिग्नेचर करने के लिए मजबूर किया गया। बेहद मानसिक कष्ट के बावजूद, मुझे बंद दरवाजों के पीछे ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया और मेरे बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, मुझे इन दस्तावेजों में क्या लिखा है, ये कभी नहीं बताया गया।"
अकाउंट का एक्सेस देने से इनकार, बोर्ड में किसी को जोड़ने की अनुमति नहीं: रानी कपूर
उन्होंने कहा कि उन्होंने सोना ग्रुप की कंपनियों के बोर्ड में किसी को भी शामिल करने की सहमति नहीं दी है। रानी ने दावा किया कि उन्हें अपने अकाउंट का पूरा एक्सेस देने से इनकार कर दिया गया है। उन्होंने कहा, "मुझे जीवनयापन के लिए कुछ चुनिंदा लोगों की दया पर छोड़ दिया गया है। यह सब मेरे इकलौते बेटे के गुजर जाने के एक महीने से भी कम समय में हुआ है।"
संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर दिल्ली की एक मॉडल से उद्यमी बनी हैं, जिनसे उन्होंने 2017 में शादी की थी। दंपति का एक बेटा अजारियस कपूर है, जिसका जन्म दिसंबर 2018 में हुआ था। कपूर के अभिनेता करिश्मा कपूर से शादी से दो बच्चे भी हैं: 20 साल की समायरा, और 14 साल के कियान राज कपूर।