'TMC जनता से किए वादे तोड़े' सुवेंदु अधिकारी ने जारी की चार्जशीट, ममता सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक रायदीघी विधानसभा समेत दक्षिण 24 परगना के कई इलाकों में 99 फीसदी वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, "कुछ दिन पहले मौजूदा तृणमूल कांग्रेस के विधायक, जो रायदीघी के चपामारा के विधायक हैं, जिन्होंने रायदीघी के लोगों से किए गए 99 प्रतिशत वादों को तोड़ा है, और इस संबंध में चार्जशीट पहले ही प्रकाशित हो चुकी हैं

अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 9:35 PM
Story continues below Advertisement
Suvendu Adhikari : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।

बंगाल चुनाव से पहले नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगातार जारी है। इसी बीच कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2021 विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने जनता से जो बड़े-बड़े वादे किए थे, उनमें से ज़्यादातर आज भी अधूरे हैं।

सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-पुल, किसानों, बेरोज़गार युवाओं, मछुआरों और महिलाओं के लिए कई योजनाओं का वादा किया था। लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री ने अलग-अलग पब्लिक मीटिंग में जो वादे किए थे, उन्हीं के दम पर वे 2021 का चुनाव जीतीं। उन्होंने कहा कि हम यह काम 100 दिन में करेंगे, यह काम तीन महीने में करेंगे, उन्होंने कहा था कि ये करेंगे, वो करेंगे, लेकिन उन्होंने अपने वादे तोड़े।"

सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक रायदीघी विधानसभा समेत दक्षिण 24 परगना के कई इलाकों में 99 फीसदी वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, "कुछ दिन पहले मौजूदा तृणमूल कांग्रेस के विधायक, जो रायदीघी के चपामारा के विधायक हैं, जिन्होंने रायदीघी के लोगों से किए गए 99 प्रतिशत वादों को तोड़ा है, और इस संबंध में चार्जशीट पहले ही प्रकाशित हो चुकी हैं।"


उन्होंने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले के लिए बीजेपी 'चार्जशीट' जारी करेगी। जिनमें भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार, तुष्टीकरण की राजनीति, अवैध घुसपैठ, फर्जी कार्ड और नौकरियों में घोटाले जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ बड़ी इमारतों का इलाका नहीं, बल्कि सुंदरबन, किसानों, मछुआरों और पढ़े-लिखे युवाओं का जिला है, जहां विकास की भारी कमी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने हाल की कुछ घटनाओं का ज़िक्र करते हुए दावा किया कि मंदिरों और देवी-देवताओं की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं, लेकिन अब तक किसी को इंसाफ नहीं मिला। इसके साथ ही उन्होंने वोटर लिस्ट से जुड़े SIR मुद्दे पर भी बात की। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब संदिग्ध वोटरों के दस्तावेज़ों की जांच न्यायपालिका की निगरानी में होगी, जिसमें कलकत्ता हाई कोर्ट की अहम भूमिका रहेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश करती है और जजों तक पर व्यक्तिगत हमले किए गए हैं। सुवेंदु अधिकारी ने साफ कहा कि आने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी इन सभी मुद्दों को जनता के सामने रखेगी और विकास, सुरक्षा व पारदर्शिता को चुनावी एजेंडा बनाएगी।

बंगाल विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने वाले हैं। एक तरफ TMC अपनी योजनाओं का प्रचार कर रही है, तो दूसरी तरफ BJP सरकार की विफलताओं को लेकर आक्रामक होती जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।