'खाने में चिकन क्यों नहीं बनाया?' गुस्से से चिल्लाया पति, पत्नी ने काट डाला गला!

रिश्तेदारों के जाते ही घर के अंदर फिर से बहस शुरू हो गई। इस बार मामला सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रहा बल्कि पुराने घरेलू विवाद भी उभर आए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक और रिश्तेदार नंदिनी को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा, लेकिन हालात काबू से बाहर हो चुके थे

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 3:39 PM
Story continues below Advertisement
Telangana Murder: आरोप है कि शिवाजी ने पत्नी लक्ष्मी पर चिकन न बनाने को लेकर चिल्लाना शुरू कर दिया

तेलंगाना के कमारेड्डी की एक शांत सी बस्ती में शनिवार रात जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। एक मामूली सी बात- डिनर में चिकन न बनने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा, देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया।

28 साल के कबाड़ के कारोबारी शिवाजी अपने घर पहुंचे तो खाना देखकर भड़क उठे। आरोप है कि उन्होंने पत्नी लक्ष्मी पर चिकन न बनाने को लेकर चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाजें इतनी तेज हो गईं कि पास में रहने वाले रिश्तेदार दादैया और शारदा तुरंत घर पहुंचे और किसी तरह दोनों को शांत कराया। माहौल कुछ देर के लिए ठंडा जरूर हुआ… लेकिन तूफान अभी बाकी था।

रिश्तेदारों के जाते ही घर के अंदर फिर से बहस शुरू हो गई। इस बार मामला सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रहा बल्कि पुराने घरेलू विवाद भी उभर आए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक और रिश्तेदार नंदिनी को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा, लेकिन हालात काबू से बाहर हो चुके थे।


इसी दौरान, गुस्से में भरी लक्ष्मी ने घर में रखा हंसिया उठा लिया… और शिवाजी के गले पर वार कर दिया। वार इतना खतरनाक था कि शिवाजी वहीं जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में भी गंभीर चोट आई। खून तेजी से बहता रहा और कुछ ही पलों में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घर के अंदर चीख-पुकार मच गई। कुछ देर पहले जो घर झगड़े की आवाजों से गूंज रहा था, अब वहां सन्नाटा और डर का माहौल था।

मृतक के बड़े भाई सूरी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि शिवाजी और लक्ष्मी की शादी को करीब 6 साल हो चुके थे और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। परिवार वालों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले भी अक्सर झगड़े होते थे और कई बार बड़ों ने समझौता कराया था।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सोमवार को लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। अब इस पूरे मामले में अदालत में पेशी के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

एक छोटी सी बहस… जो अगर वक्त रहते थम जाती, तो शायद एक परिवार आज बर्बाद होने से बच जाता।

Mira Bhayander Attack Case: क्या तुम कलमा पढ़ सकते हो... मुंबई में राजकुमार मिश्रा को चाकू मारने से पहले क्या बोला था जुबैर?

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।