आज भारी बारिश का तांडव, तूफानी मौसम की रेड कलर वॉर्निंग जारी! IMD ने 25 जुलाई के लिए इन 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट दिया

India Weather Today: देश के बड़े हिस्से में मानसून का आक्रामक रुख जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 25 जुलाई के लिए राष्ट्रीय मौसम बुलेटिन जारी कर तूफानी मौसम और मूसलाधार बारिश का अलर्ट दिया है।

अपडेटेड Jul 25, 2026 पर 10:16 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD ने इन 20 राज्यों में जारी किया भारी बारिश का अलर्ट दिया

India Weather Today: देश के बड़े हिस्से में मानसून का आक्रामक रुख जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 25 जुलाई के लिए राष्ट्रीय मौसम बुलेटिन जारी कर तूफानी मौसम और मूसलाधार बारिश का अलर्ट दिया है। मौसम विभाग ने गुजरात राज्य के लिए रेड कलर वॉर्निंग जारी करते हुए अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही राजस्थान, महाराष्ट्र, ओडिशा से लेकर उत्तर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के 20 से अधिक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। समुद्र में उठती तेज लहरों और खराब मौसम को देखते हुए तटीय इलाकों में भी अलर्ट जारी हुआ है।

WhatsApp Image 2026-07-25 at 9.57.11 AM

आइए जानते हैं कि आज 25 जुलाई को देश भर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है।


गुजरात में रेड अलर्ट, आज होगी अत्यंत भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक आज 25 जुलाई को गुजरात राज्य पर बादलों का भीषण जमावड़ा रहेगा। राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। प्रशासन ने निचले और तटीय इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इन 4 राज्यों/क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

IMD के मुताबिक गुजरात के अलावा देश के चार मुख्य अंचलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज होने का अनुमान है-

राजस्थान: राज्य के विभिन्न हिस्सों में आज मूसलाधार बारिश होगी, जिससे कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अलर्ट है।

कोंकण और गोवा: तटीय महाराष्ट्र और गोवा के इलाकों में अत्यंत तेज बारिश का दौर बना रहेगा।

मध्य महाराष्ट्र: मध्य महाराष्ट्र और इसके घाट क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का पूर्वाकलन किया गया है।

ओडिशा: ओडिशा के अलग-अलग जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इन 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है-

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत: पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के साथ-साथ मैदानी इलाकों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत: असम व मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण भारत: तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल व माहे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

आंधी-तूफान, बिजली और तेज हवाओं की स्थिति

बारिश के साथ-साथ IMD ने देश भर में तेज झोंकेदार हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गांगेय पश्चिम बंगाल, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे (जो बढ़कर 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है) की गति से हवाएं चलेंगी।

बिहार, तटीय कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और तेलंगाना में बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय, छत्तीसगढ़, गुजरात राज्य, हिमाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम, उत्तराखंड और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की आशंका जताई गई है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में तेज सतही हवाएं चलेंगी।

यह भी पढ़ें: Delhi Weather Today: दिल्ली में फिर बरसेंगे बादल! बारिश और ठंडी हवाओं से मिलेगी उमस से राहत, जानें IMD का अपडेट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।