INS Mahendragiri: भारत अपनी समुद्री क्षमताओं को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। देश की नौसैनिक ताकत को बढ़ाने की दिशा में 11 जुलाई को स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस महेंद्रगिरी को भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। प्रोजेक्ट 17A के तहत नीलगिरी-क्लास का यह छठा युद्धपोत विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में नौसेना का हिस्सा बनेगा। यह कमीशनिंग भारत के स्वदेशी युद्धपोत निर्माण कार्यक्रम में एक और बड़ा मील का पत्थर है। खास बात यह है कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस क्लास के पांचवें जहाज आईएनएस दूनागिरी को नौसेना में शामिल किए जाने के एक महीने से भी कम समय के भीतर सामने आई है।
