Madhya Pradesh: रीवा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ऑडी ने बाप-बेटे समेत तीन को मारी टक्कर, मौत

Madhya Pradesh: बताया जा रहा है कि भागवत के बड़े बेटे शुभम की शादी 25 फरवरी को होने वाली थी। यह दुखद हादसा उस समय हुआ, जब भागवत अपने बेटे की शादी का पहला निमंत्रण देने के लिए रीवा के चिराहुला मंदिर जा रहे थे

अपडेटेड Feb 07, 2026 पर 10:16 PM
Story continues below Advertisement
मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पिता और उनका बेटा भी शामिल थे। यह हादसा रीवा जिले के कोष्टा गांव के पास एक हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों लोग मोटरसाइकिल से मंगवा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज़ रफ्तार लग्ज़री कार ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग हवा में उछल गए और सड़क पर दूर जाकर गिरे। मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे शिवम विश्वकर्मा और शीतल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वे सभी छछई इलाके के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि भागवत के बड़े बेटे शुभम की शादी 25 फरवरी को होने वाली थी। यह दुखद हादसा उस समय हुआ, जब भागवत अपने बेटे की शादी का पहला निमंत्रण देने के लिए रीवा के चिराहुला मंदिर जा रहे थे। टक्कर के बाद तीनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार में मातम छा गया है। जैसे ही हादसे की खबर फैली, रायपुर करचुलियान और आसपास के थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। शवों को अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।


हादसे के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने ऑडी कार के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और गाड़ी को जब्त कर लिया है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि गाड़ी कितनी तेज रफ्तार से चल रही थी और क्या ड्राइवर की लापरवाही इस हादसे की वजह बनी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब गहरा दुख और मातम छाया हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।