अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार (30 दिसंबर) को कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "आज़ादी के बाद अगर कोई सबसे नाकाम और निकम्मा गृह मंत्री रहा है, तो वह अमित शाह हैं।" तृणमूल महासचिव ने घुसपैठियों के मुद्दे पर अमित शाह पर पलटवार किया और कहा, "बिहार चुनाव के समय देश की राजधानी दिल्ली में धमाका हुआ, तो क्या वहां ममता बनर्जी की सरकार है? जम्मू-कश्मीर में चार आतंकवादी घुस आए और 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहां कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है?" आगे उन्होंने कहा, "सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी BSF की है, जो गृह मंत्रालय के अधीन आता है। इसी तरह दिल्ली पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस भी गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती हैं। ऐसे में इन घटनाओं की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?" इन्हीं बातों को हवाला देते हुए अभिषेक बनर्जी ने शाह को अब तक के निकम्मे गृह मंत्री बताया।