दिल्ली में आतंकी हमले का हाई अलर्ट, पंजाब और कश्मीर में मिले 2 IED

राजधानी दिल्ली में आतंकी हमलों के अलर्ट के बीच पंजाब और कश्मीर में दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए हैं। इसी बीच सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में पाकिस्तान आधारित संगठन Lashkar-e-Taiba (LeT) की ओर से संभावित आतंकी हमले की चेतावनी जारी करते हुए हाई अलर्ट घोषित किया है

अपडेटेड Feb 21, 2026 पर 3:57 PM
Story continues below Advertisement
अधिकारियों ने साफ किया है कि आईईडी मिलने की घटनाओं को सीधे तौर पर आतंकी हमले की चेतावनी से नहीं जोड़ा गया है

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से अलर्ट किया गया है। खुफिया सूत्रों की मानें तो लश्कर के आतंकी लाल किले के आसपास धमाके की साजिश रच रहे हैं। वहीं इस अलर्ट के बीच पंजाब और कश्मीर में दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए हैं। इसी बीच सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में पाकिस्तान आधारित संगठन Lashkar-e-Taiba (LeT) की ओर से संभावित आतंकी हमले की चेतावनी जारी करते हुए हाई अलर्ट घोषित किया है।

हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि आईईडी मिलने की घटनाओं को सीधे तौर पर आतंकी हमले की चेतावनी से नहीं जोड़ा गया है। फिर भी, इन घटनाओं के लगभग एक ही समय पर सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली और अन्य संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।

सामने आई ये बड़ी जानकारी 


पंजाब में शुक्रवार को अमृतसर के रय्या पुलिस पोस्ट के पास एक संदिग्ध बैग मिला, जिसमें IED होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही बैग पर शक हुआ, तुरंत बम निरोधक दस्ता (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद टीम ने पुष्टि की कि बैग में IED था। एसएसपी सोहेल कासिम मीर ने बताया, “पुलिस चौकी के पास एक संदिग्ध बैग दिखाई दिया। तुरंत बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। उन्होंने जांच के बाद इसे IED बताया। बाद में तय प्रक्रिया के अनुसार उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय (डिफ्यूज) कर दिया गया।”

मामले की जांच है जारी 

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है। बता दें कि, उसी दिन कश्मीर के गंदेरबल जिले के सफापोरा इलाके में भी एक IED बरामद किया गया। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की बम डिटेक्शन स्क्वॉड (BDS) टीम ने समय रहते उसे खोज लिया और कुछ ही घंटों में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। यह पिछले एक हफ्ते में उत्तर कश्मीर में मिला तीसरा IED है। गुरुवार को भी तंगमार्ग रोड पर एक IED मिला था, जबकि एक अन्य बारामूला में बरामद हुआ था। लगातार मिल रहे IED के मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में चौकसी और बढ़ा दी है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।