Get App

CM विजय के सामने खड़े हुए उदयनिधि स्टालिन और कॉलेज में साथ पढ़ने की बात कह 'वंदे मातरम' को लेकर ये सब बोल गए

Udhayanidhi Stalin: तमिलनाडु में विपक्ष के नेता और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार (12 मई) को 'तमिल थाई वाझथु' मामले को विधानसभा में उठाया। पूर्व डिप्टी सीएम स्टालिन ने कहा कि सरकार को दोबारा ऐसा नहीं होने देना चाहिए। हमारे तमिलनाडु के राज्य गीत को कभी भी दूसरे स्थान पर नहीं धकेला जाना चाहिए

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड May 12, 2026 पर 2:17 PM
CM विजय के सामने खड़े हुए उदयनिधि स्टालिन और कॉलेज में साथ पढ़ने की बात कह 'वंदे मातरम' को लेकर ये सब बोल गए
Udhayanidhi Stalin: तमिलनाडु के राज्य गीत को लेकर एक नया विवाद शुरू हो गया है

Udhayanidhi Stalin: तमिलनाडु में सी. जोसफ विजय के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 'तमिल थाई वाझथु' (प्रार्थना) गीत को 'वंदे मातरम' और 'जन गण मन' के बाद तीसरे स्थान पर गाया गया जिसे लेकर शुरू हुआ विवाद अब बढ़ता जा रहा है। विपक्ष के नेता और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार, 12 मई को इस मामले को तमिलनाडु विधानसभा में उठाया। पूर्व डिप्टी सीएम स्टालिन ने कहा कि सरकार को दोबारा ऐसा नहीं होने देना चाहिए। हमारे तमिलनाडु के राज्य गीत को कभी भी दूसरे स्थान पर नहीं धकेला जाना चाहिए।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "विपक्षी दलों ने वंदे मातरम के बाद तमिलनाडु का राज्य गीत बजाए जाने पर चिंता व्यक्त की है। लेकिन पश्चिम बंगाल की CM के शपथ ग्रहण समारोह में वंदे मातरम नहीं बजाया गया था। जबकि यहां इसे बजाया गया। आप सभी जानते हैं कि वहां के राज्यपाल कौन हैं। सरकार को दोबारा ऐसा नहीं होने देना चाहिए। हमारे तमिलनाडु के राज्य गीत को कभी भी दूसरे स्थान पर नहीं धकेला जाना चाहिए।"

स्टालिन ने आगे कहा,"CM (विजय) और मैंने एक ही कॉलेज में पढ़ाई की है। हम अपने अनुभव और ज्ञान को साझा करना चाहेंगे। CM को भी हमारे सुझावों को स्वीकार करना चाहिए।" इस दौरान स्टालिन ने कहा, "कल, CM को हमारे नेता और कई अन्य नेताओं से शुभकामनाएं मिलीं। यह राजनीतिक शिष्टाचार इस सदन में भी जारी रहना चाहिए। भले ही हम सत्ताधारी सरकार और विपक्ष के तौर पर अलग-अलग कतारों में बैठते हों। लेकिन हम सभी को तमिलनाडु के विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए।"

'तमिल थाई वाझथु' की तुलना में 'वंदे मातरम' और 'जन गण मन' को दी गई प्राथमिकता ने राज्य में विवाद खड़ा कर दिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव एम. वीरपांडियन ने 'तमिल थाई वाझथु' को तीसरे स्थान पर रखने के फैसले की निंदा की है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें