UGC Equity Rules: भेदभाव को लेकर UGC की नई गाइडलाइंस पर क्यों मचा है बवाल, क्या कहतें हैं नए नियम?

UGC New Rules: इन नए नियमों का उद्देश्य शिकायत से पहले ही भेदभाव को रोकना है। लेकिन आलोचकों का कहना है कि इससे कैंपस में निगरानी और डर का माहौल भी बन सकता है। UGC का कहना है कि उच्च शिक्षा में किसी के साथ भी धर्म, जाति, लिंग, जन्म स्थान या दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए

अपडेटेड Jan 27, 2026 पर 1:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UGC Equity Guidelines: इन नियमों का मकसद है कि किसी भी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी के साथ उसकी पहचान के आधार पर भेदभाव न हो

यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन (UGC) ने साल 2026 के लिए “उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने के नियम” लागू किए हैं। ये नियम देश के सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों पर लागू होंगे। UGC, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाली संस्था है, जो उच्च शिक्षा संस्थानों को नियंत्रित करती है।

इन नियमों का मकसद है कि किसी भी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी के साथ उसकी पहचान के आधार पर भेदभाव न हो। लेकिन ये नियम सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कैंपस के रोजमर्रा के कामकाज तक गहराई से असर डालते हैं।

इन नियमों का उद्देश्य क्या है?


इन नए नियमों का उद्देश्य शिकायत से पहले ही भेदभाव को रोकना है। लेकिन आलोचकों का कहना है कि इससे कैंपस में निगरानी और डर का माहौल भी बन सकता है।

UGC का कहना है कि उच्च शिक्षा में किसी के साथ भी धर्म, जाति, लिंग, जन्म स्थान या दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।

खास बात यह है कि नियमों में “केवल” शब्द का इस्तेमाल किया गया है। इसका मतलब है कि ये नियम सिर्फ पहचान से जुड़े भेदभाव पर लागू होंगे, न कि सामान्य शैक्षणिक विवादों या व्यक्तिगत झगड़ों पर। साथ ही, नियमों में कुछ वर्गों को खासतौर से प्राथमिकता दी गई है, जैसे:

  • अनुसूचित जाति (SC)
  • अनुसूचित जनजाति (ST)
  • अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS)
  • दिव्यांग व्यक्ति

यह दिखाता है कि नियमों का फोकस ऐतिहासिक रूप से वंचित वर्गों पर है। हालांकि, सुरक्षा सभी के लिए बताई गई है।

नियम में भेदभाव की परिभाषा क्या?

नए नियमों में भेदभाव की परिभाषा काफी व्यापक रखी गई है। इसमें सिर्फ खुला और जानबूझकर किया गया भेदभाव ही नहीं, बल्कि: अप्रत्यक्ष भेदभाव, छिपा हुआ या ढांचागत भेदभाव, ऐसा व्यवहार जिससे किसी की गरिमा या समान अवसर प्रभावित हों- भी शामिल हैं।

यानी, अगर किसी फैसले से किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचती है, तो उसे भी भेदभाव माना जा सकता है, भले ही मंशा साफ तौर पर भेदभाव की न हो।

इक्वल अपॉर्चुनिटी सेंटर (EOC) क्या है?

नियमों कहा गया है कि हर यूनिवर्सिटी और कॉलेज में अब इक्वल अपॉर्चुनिटी सेंटर (EOC) बनाना अनिवार्य है। इसका काम होगा: भेदभाव से जुड़े मामलों को देखना, काउंसलिंग और जागरूकता फैलाना और शिकायतों का निपटारा करना।

इसमें कहा गया है कि छोटे कॉलेज, जिनके पास पर्याप्त स्टाफ नहीं है, वे अपने संबद्ध यूनिवर्सिटी के EOC पर निर्भर रह सकते हैं। साथ ही EOC को पुलिस, प्रशासन, कानूनी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से भी तालमेल रखना होगा।

इनमें आगे बताया है कि हर EOC के तहत एक इक्विटी कमेटी बनेगी, जिसमें सीनियर टीचर, गैर-शिक्षण कर्मचारी, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि, छात्र (विशेष आमंत्रित) शामिल होंगे।

इस समिति में महिलाओं, SC, ST, OBC और दिव्यांगों का प्रतिनिधित्व अनिवार्य है। समिति को साल में कम से कम दो बार बैठक करनी होगी।

औपचारिक समितियों के अलावा, नए नियम में दो नए तंत्र लागू करने को भी कहा गया है- इक्विटी स्क्वॉड और इक्विटी एंबेसडर।

इक्विटी स्क्वॉड छोटी और चलायमान टीमें होंगी, जिनका काम कैंपस में निगरानी रखना और “संवेदनशील जगहों” का दौरा करना होगा।

इक्विटी एंबेसडर विभागों, हॉस्टल, लाइब्रेरी और दूसरी यूनिट में नियुक्त किए गए लोग होंगे, जो नियमों के उल्लंघन की सूचना देने के लिए नोडल पॉइंट के रूप में काम करेंगे।

24×7 इक्विटी हेल्पलाइन

इसमें कहा गया है कि हर संस्थान को एक 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन बनानी होगी। शिकायतकर्ता चाहे तो अपनी पहचान गोपनीय रख सकता है।

अगर किसी मामले में आपराधिक कानून लागू होता है, तो जानकारी सीधे पुलिस को दी जाएगी। इससे मामलों की गंभीरता और बढ़ जाती है।

कैसे होगी शिकायत?

भेदभाव से जुड़ी शिकायतों को निपटाने की प्रक्रिया में सख्त समय-सीमा तय की गई है। पीड़ित व्यक्ति ऑनलाइन पोर्टल, ईमेल, लिखित शिकायत या हेल्पलाइन के जरिए घटना की जानकारी दे सकता है। शिकायत मिलते ही इक्विटी कमेटी को 24 घंटे के भीतर बैठक कर आगे की कार्रवाई तय करनी होगी।

कमेटी को 15 वर्किंग डे में अपनी रिपोर्ट देनी होगी। इसके बाद संस्थान प्रमुख को 7 वर्किंग डे के भीतर कार्रवाई शुरू करनी होगी। अगर शिकायत संस्थान प्रमुख के खिलाफ है, तो जांच की अध्यक्षता EOC के कॉर्डिनेटर करेंगे।

हालांकि इन समय-सीमाओं का मकसद तेजी से कार्रवाई करना है, लेकिन चिंता यह भी है कि इतने कम समय में जटिल और गंभीर आरोपों की पूरी और निष्पक्ष जांच करना मुश्किल हो सकता है।

अपील और निगरानी

इक्विटी कमेटी की रिपोर्ट से असंतुष्ट कोई भी व्यक्ति 30 दिनों के भीतर ओम्बड्समैन के पास अपील कर सकता है। ओम्बड्समैन जरूरत पड़ने पर एमिकस क्यूरी (कानूनी सलाहकार) नियुक्त कर सकता है और उसे भी 30 दिनों के भीतर फैसला देना होता है।

यह नियम सिर्फ यह देखता है कि कागजी कार्रवाई सही हुई या नहीं, फाइलें समय पर आगे बढ़ीं या नहीं, और क्या नियमों का पालन किया गया।

अगर किसी गलत आरोप या भेदभाव की वजह से किसी की समाज में बेइज्जती हुई हो या उसे मानसिक तनाव झेलना पड़ा हो, तो यह नियम उस दर्द की भरपाई नहीं करता।

निगरानी और दंड

इन नियमों के तहत UGC को यह अधिकार दिया गया है कि अगर कोई संस्थान नियमों का पालन नहीं करता, तो इसके लिए निरीक्षण, जानकारी मांगने और राष्ट्रीय स्तर की समितियों के जरिए जांच की जा सकती है।

जो संस्थान इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है, जैसे:

  • UGC की योजनाओं से बाहर किया जाना
  • डिग्री या ऑनलाइन प्रोग्राम चलाने की मंजूरी रद्द होना
  • UGC की मान्यता प्राप्त लिस्ट से नाम हटाया जाना

ये दंड दिखाते हैं कि समानता से जुड़े नियम अब सिर्फ सलाह नहीं हैं, बल्कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वैधता के लिए अनिवार्य शर्त बन चुके हैं।

क्यों हो रहा विरोध और क्या हैं चिंताएं?

भले ही यह नए नियम काफी सख्त हों, लेकिन नियमों में कुछ Eऐसे मुद्दों पर चुप्पी है, जो कैंपस में इनके लागू होने और स्वीकार्यता को प्रभावित कर सकते हैं।

नियम शिकायत दर्ज करने और उनकी जांच की विस्तृत प्रक्रिया तो बताते हैं, लेकिन उन गैर-आरक्षित वर्ग (जैसे जनरल कैटेगरी) के लोगों के लिए समान सुरक्षा प्रावधान साफ तौर पर नहीं बताते, जिन पर भेदभाव के आरोप लगाए जाते हैं- खासकर तब, जब आरोप विवादित हों या बाद में बेबुनियाद पाए जाएं।

विरोध करने वालों का कहना है कि नियमों में जानबूझकर झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों से निपटने के लिए कोई साफ प्रावधान नहीं है। साथ ही, यह भी नहीं बताया गया है कि संस्थान कैसे यह तय करेंगे कि कोई शिकायत सच में भेदभाव से जुड़ी है या फिर व्यक्तिगत झगड़े, शैक्षणिक मतभेद या पहचान से नहीं बल्की दुश्मनी का नतीजा है।

इस तरह की स्पष्टता की कमी से संस्थागत समितियों पर फैसले लेने का बोझ बढ़ जाता है। इससे अलग-अलग कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में मामलों के नतीजे अलग-अलग हो सकते हैं, जिससे असमानता और भ्रम की स्थिति पैदा होने का खतरा बना रहता है।

सरकार ने क्या कहा?

सरकारी सूत्रों के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय नए नियमों को लेकर फैली “गलत जानकारी” को दूर करने के लिए जल्द ही एक विस्तृत स्पष्टीकरण जारी कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि सरकार यह भी भरोसा दिलाएगी कि इन नियमों का किसी भी हालत में दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा और भ्रम फैलाने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह मुद्दा संसद के बजट सत्र से पहले राजनीतिक रूप से अहम हो गया है। विपक्ष इसे एक बड़े मुद्दे के तौर पर उठाने की तैयारी में है। वहीं, यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया है, जहां इन नियमों को चुनौती देने वाली याचिका पर जल्द सुनवाई होने की उम्मीद है।

World University Rankings 2026: सब्जेक्ट आधारित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग की लिस्ट जारी! US-UK का दबदबा, भारत की इन यूनिवर्सिटी को मिली जगह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।