Ukraine attacked Putin home: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के घर को निशाना बनाए जाने की खबरों पर मंगलवार (30 दिसंबर) को गहरी चिंता जताई। साथ ही रूस एवं यूक्रेन से शत्रुता समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। रूस ने सोमवार (29 दिसंबर) को दावा किया कि लंबी दूरी के 91 यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्थायी आवास पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, रूस ने इसे विफल कर दिया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "रूसी संघ के राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरें बहुत चिंताजनक हैं।" PM मोदी ने कहा कि जारी कूटनीतिक प्रयास शत्रुता समाप्त करने और शांति हासिल करने की दिशा में सबसे व्यावहारिक रास्ता मुहैया कराते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, "हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे इन प्रयासों पर ध्यान केंद्रित रखें और ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचें जो इन्हें कमजोर कर सकती है।"
रूस ने सोमवार 29 दिसंबर को दावा किया कि लंबी दूरी के 91 यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्थायी आवास पर हमला करने का प्रयास किया। विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने एक बयान में कहा कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हुए ड्रोन हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ क्योंकि ड्रोन को मार गिराया गया था। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि रूस उचित समय पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
लावरोव ने यूक्रेनी हमलों को कीव और उसके सहयोगियों द्वारा शांति वार्ता को विफल करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि मॉस्को यूक्रेन के साथ शांति वार्ता पर अपना रुख बदलेगा। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम के साथ शांति वार्ता जारी रहेगी। रूसी टीवी चैनलों के अनुसार राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'क्रेमलिन' के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा, "पुतिन ने सोमवार को फोन कॉल के दौरान ट्रंप को राष्ट्रपति आवास पर हुए हमले के बारे में बताया। राष्ट्रपति ट्रंप स्तब्ध थे।"