UP Encounter: उत्तर प्रदेश में पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' अभियान लगातार जारी है, जिसके तहत बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को यूपी एसटीएफ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश शंकर कनौजिया को एनकाउंटर में मार गिराया। इसके साथ ही प्रयागराज से एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट ने जहानगंज थाना क्षेत्र के चकरपानपुर में कुख्यात अपराधी शंकर कनौजिया को दबोच लिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने दबिश दी तब उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से ढेर हो गया। पुलिस ने उसके पास से कार्बाइन, पिस्टल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। शंकर कनौजिया आजमगढ़ का रहने वाला था और पिछले साल जहानगंज में हुई एक निर्मम हत्या के मामले में उसकी तलाश थी। कनौजिया डकैती और हत्या के मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एडीजी जोन वाराणसी ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
प्रयागराज में भी इनामी बदमाश गिरफ्तार
ऐसी ही एक और कार्रवाई प्रयागराज में भी हुई। करेली थाना क्षेत्र में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश आजाद उर्फ बिल्ली घायल होकर पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बिल्ली ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। बिल्ली झारखंड का रहने वाला है और फिलहाल प्रयागराज में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। पुलिस उसके आपराधिक हिस्ट्री की जांच कर रही है।