UP Accident News: बिहार से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस उत्तर प्रदेश में सैफई क्षेत्र के लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार (26 जून) तड़के एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। इससे बस में सवार दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 50 यात्री घायल हो गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बस में सवार नेपाल की रहने वाली 22 वर्षीय शईदा और बिहार के दरभंगा जिले के रामपुर डीह निवासी 52 वर्षीय मनोज कुमार की मौके पर मौत हो गई।
हादसे की जानकारी देते हुए श्रीवास्तव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अनियंत्रित बस के पलटकर गहरे गड्ढे में गिरने से बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचित किया। यह हादसा इटावा में एक्सप्रेसवे पर पोल नंबर 104 के पास हुआ है।
इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने कहा, "गुरुवार सुबह-सुबह मधुबनी से नई दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से आगरा जाते समय सड़क से फिसल गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 45-50 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। इनमें से दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।"
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही सैफई थाना पुलिस और नेशनल हाईवे सुरक्षा पैट्रोलिंग कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर बस मे फंसे यात्रियों को बाहर निकला और घायलों को एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस बस में लगभग 80 यात्री सवार थे।
कम से कम 40 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 10 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज गंभीरता से करने में जुटी हुई है।
उत्तराखंड में भी नदी में गिरी बस, दो की मौत
उत्तराखंड में बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर रुद्रप्रयाग और गौचर के बीच घोलतीर गांव के पास गुरुवार तड़के तीर्थयात्रियों से भरी एक मिनी बस दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। इसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई तथा 10 अन्य लापता हैं। SP कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, घटना में आठ लोग घायल भी हुए हैं। वाहन में राजस्थान के उदयपुर का एक परिवार भी था जो चारधाम यात्रा पर आया था ।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कुल 31 यात्रियों की क्षमता वाली मिनी बस में हादसे के समय चालक समेत 20 श्रद्धालु सवार थे। वह बदरीनाथ धाम की ओर जा रही थी। बचाव दलों ने बताया कि हादसे के दौरान वाहन में सवार कुछ श्रद्धालु पहाड़ी पर ही छिटक कर घायल हो गए थे जिन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं। जबकि 10 यात्री नदी में समा गई मिनी बस के साथ ही लापता हो गए। राहत एवं बचाव कार्यों में नदी का तेज बहाव चुनौती बना हुआ है। लेकिन बचाव दल स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लगातार श्रद्धालुओं की खोजबीन कर रहे हैं।