Firing in Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक मॉल में सरेआम गोली चलने से हड़कंप मच गया। लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के एक मॉल में गोलीबारी करने के आरोप में एक महिला समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना 19 सितंबर को देर रात हुई, जब कुछ लोगों ने मॉल के सुरक्षाकर्मियों से झगड़ा किया। उन्होंने बताया कि इसी बीच एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में हर्ष मिश्रा (23), प्रिंस वर्मा (28), रोहित पटेल (30) और स्वाति (35) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कंट्रोल रूम को मिली सूचना और अनुज चौधरी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मामले में FIR दर्ज कर ली गई है।
बताया जा रहा है कि बाउंसर से विवाद बढ़ने के बाद सुरक्षाकर्मियों और आरोपियों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। यह घटना मॉल के अंदर एक क्लब में हुई। विवाद बढ़ते ही कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। लखनऊ पुलिस के अनुसार, बाउंसर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्तौल, दो मैगजीन, सात कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि रोहित पटेल के स्वामित्व वाली लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल कथित तौर पर हर्ष मिश्रा ने किया था। समूह द्वारा इस्तेमाल की गई कार को भी सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, "पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने बताया कि वे बार गए थे। बार के सुरक्षाकर्मियों से उनकी बहस इतनी बढ़ गई कि हर्ष ने कथित तौर पर पार्किंग क्षेत्र में गोली चला दी।" पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
टॉनिक क्लब में कार्यरत बाउंसर से मामूली कहासुनी हुई और बाहर आने पर मॉल के भी बाउंसर से आरोपियों ने मारपीट की थी। आरोपियों में हर्ष मिश्रा, प्रिंस वर्मा और एक महिला शामिल है। इनके अलावा संत कबीर नगर का रोहित पटेल नाम का व्यक्ति भी है।
मारपीट में बाउंसर पुरुषोत्तम और अनुज चौधरी घायल हो गए हैं। दैनिक भास्कर के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है। घटना शुक्रवार रात करीब 1 से 2 बजे की बीच की है। घायलों को पहले गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल भेज दिया गया था।
लखनऊ मॉल में हुई गोलीबारी की घटना पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवालों पर शनिवार को कहा, "अगर राजधानी में गोलियां चली हैं तो यह गंभीर मामला है।" उन्होंने यूपी में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।