UP News: यूपी के किसानों को योगी सरकार का तोहफा, गेहूं का MSP ₹2,585 प्रति क्विंटल तय

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य भर के किसानों, ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास को प्रभावित करने वाले कई फैसलों को मंजूरी दी है। किसानों को बड़ी राहत देते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की है

अपडेटेड Mar 23, 2026 पर 4:04 PM
Story continues below Advertisement
UP News: गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है

UP News: उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने सोमवार (23 मार्च) को एक बड़ा फैसला करते हुए गेहूं के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य (MSP) में इस साल 160 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा छंटाई, सफाई और उतराई के मद में किसानों को खरीद एजेंसियों के माध्यम से 20 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे।

लखनऊ में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अध्यक्षता में संपन्न हुई मंत्रिमंडल की बैठक में खाद्य एवं रसद विभाग से जुड़े अहम फैसले के तहत इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया, "केंद्र सरकार ने इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले साल की तुलना में 160 रुपये अधिक है।"


शाही ने कहा कि रामनवमी के बाद 30 मार्च, 2026 से 15 जून, 2026 तक इसकी खरीदारी की जाएगी। राज्य में आठ क्रय एजेंसियों द्वारा खरीद होगी और 6,500 क्रय केंद्र सभी 75 जिलों में संचालित किए जाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), खाद्य एवं विपणन विभाग, उप्र मंडी परिषद, उप्र पीसीएफ, पीसीओयू, उप्र एसएस, नैफेड, एनसीसीएफ (भारतीय राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता सहकारी संघ मर्यादित) के माध्‍यम से खरीद होगी।

शाही ने कहा कि कृषि उत्‍पादक संगठनों और कृषि उत्‍पादक कंपनियों को भी खरीद की अनुमति रहेगी। हालांकि, इनके लिए शर्त यह है कि इनके बैंक खाते में 20 लाख रुपये होने चाहिए और एक वर्ष पूर्व का पंजीकरण होना चाहिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि इसके अलावा छंटाई, सफाई और उतराई के मद में कृषकों को खरीद एजेंसियों के माध्यम से 20 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाएगा, जिसका वहन मंडी परिषद करेगी। शाही ने बताया कि इस पर लगभग 60 करोड़ रुपये का और व्यय होगा जिसे मंडी परिषद वहन करेगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि प्रयास होगा कि अधिकांश किसानों की फसल खरीद ली जाए। किसानों के पंजीकरण, प्रचार-प्रसार और सभी इंतजामों के निर्देश दिए गए हैं। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ष अच्छी फसल हुई है और कृषि विभाग ने अच्छे बीज उपलब्‍ध कराए थे।

ये भी पढ़ें- Assam Election 2026: कौन हैं नंदिता गरलोसा? BJP से टिकट न मिलने पर असम की मंत्री कांग्रेस में हुईं शामिल

शाही ने कहा कि यूपी सरकार का प्रयास है कि किसानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं उठाना पड़े। एक सवाल के जवाब में उन्‍होंने कहा कि 30 लाख टन खरीद का प्रस्ताव विभाग ने लाया था, लेकिन मुख्यमंत्री जी ने 50 लाख टन खरीद का लक्ष्‍य दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।