Saharanpur Murder: 'मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई...', सहारनपुर के एक घर में हुआ मौत का तांडव; 15 मिनट में 8 वॉयस नोट्स और खौफनाक अंत

UP Saharanpur Murder: पुलिस को तलाशी के दौरान घर से डिप्रेशन और अन्य मानसिक बीमारियों की दवाइयां मिली हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि राठी का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था और उसका इलाज चल रहा था

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 11:20 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस को जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से 8 वॉयस मैसेज मिले हैं, जो उसने अपनी बहन को भेजे थे

Saharanpur Murder: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक शख्स ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। पुलिस को जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से 8 वॉयस मैसेज मिले हैं, जो उसने अपनी बहन को भेजे थे। इन मैसेज में वह कह रहा है, 'मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है'।

अशोक ने अंधेरी रात में दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

जिला प्रशासन विभाग में अमीन के पद पर तैनात 40 वर्षीय अशोक राठी ने मंगलवार तड़के करीब 3 बजे इस वारदात को अंजाम दिया। अशोक ने अपनी मां विद्यावती (70), पत्नी अंजिता (35), और दो बेटों कार्तिक (16) व देव (14) की हत्या की। तड़के 3 बजे के आसपास मात्र 15 मिनट के भीतर उसने अपनी बहन को 8 वॉयस नोट भेजे। पुलिस का मानना है कि 'गलती हो गई' वाला मैसेज उसने परिवार को मारने के बाद रिकॉर्ड किया था।


'बहुत बड़ी गलती हो गई'

पुलिस के अनुसार, इन 8 मैसेज में से 6 एक मिनट से भी कम समय के हैं, जबकि 2 लंबे मैसेज है। इन मैसेजेस में अशोक राठी की आवाज में पछतावा और हताशा साफ झलक रही है। रिश्तेदारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मंगलवार शाम सभी पांचों शवों का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है कि, क्या केवल डिप्रेशन ही वजह थी या कोई अन्य पारिवारिक या तनावपूर्ण विवाद भी था।

डिप्रेशन में था अशोक!

पुलिस को तलाशी के दौरान घर से डिप्रेशन और अन्य मानसिक बीमारियों की दवाइयां मिली हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि राठी का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस इन वॉयस मैसेज को फॉरेंसिक लैब भेज रही है ताकि उसकी मानसिक स्थिति और घटना के सही क्रम को समझा जा सके।

सहारनपुर के एसपी सागर जैन ने बताया कि सरसावा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इन सवालों के जवाब ढूंढ रही है। पुलिस ने घर से तीन देसी कट्टे बरामद किए है। एक सरकारी कर्मचारी के पास इतने अवैध हथियार कैसे आए, इसकी जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।