UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में आगामी कुछ घंटों के दौरान मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा जारी जिला स्तरीय नाउकास्ट अलर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी कुछ घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने की आशंका है। जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश एवं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आज यानी 4 जून से से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 5 जून तक यह पूरे एरिया को अपनी चपेट में ले लेगा। इसके कारण पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। साथ ही ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। हालांकि, गर्मी से राहत जारी रहेगी। लू चलने की कोई संभावना नहीं है। ऐसा मौसम अगले 4 दिनों तक बना रहेगा।
लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।
- रायबरेली, अमेठी, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में गरज, आकाशीय बिजली, मध्यम बारिश तथा 40–60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं (झोंके 70 किमी प्रति घंटा या अधिक) चलने की आशंका है।
- इसके अलावा गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, अमरोहा, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, हल्की बारिश तथा 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई गहै।
अगले 5 दिनों का वेदर फोरकास्ट
4 जून: पश्चिमी UP में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी UP में तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी बढ़ेगी।
5 जून: पूरे राज्य में आसमान में बादल छाए रहने की आशंका है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी। लेकिन लू की स्थिति से राहत मिलने की संभावना है।
6 जून: यूपी के ज्यादातर जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। नमी का स्तर ज्यादा रहेगा, जिससे तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा। लू चलने की कोई उम्मीद नहीं है।
7 जून: पूरे राज्य में हल्की बारिश होने की संभावना है। बीच-बीच में तेज धूप निकलने से नमी का स्तर बढ़ सकता है।
8 जून: पूरे राज्य में मौसम साफ रहने और तेज़ धूप निकलने की उम्मीद है। आठ जून को बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।