Bulandshahr Accident: बुलंदशहर में कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 8 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर

Bulandshahr Accident: पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 2:10 बजे बुलंदशहर-अलीगढ़ बॉर्डर पर अरनिया बाईपास के पास हुआ। कासगंज जिले के 61 लोग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान में जाहरपीर के लिए तीर्थयात्रा पर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई

अपडेटेड Aug 25, 2025 पर 8:36 AM
तीन घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है

Bulandshahr Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक ने तीर्थयात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई और 43 लोग घायल हो गए। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कुल 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 43 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 12 बच्चे भी शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 10 लोगों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, 10 को बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भेजा गया है।


कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 2:10 बजे बुलंदशहर-अलीगढ़ बॉर्डर पर अरनिया बाईपास के पास हुआ। कासगंज जिले के रफातपुर गांव से 61 लोग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान में जाहरपीर के लिए तीर्थयात्रा पर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई।

मृतकों की पहचान ट्रैक्टर चालक ई.यू. बाबू (40), रामबेटी (65), चांदनी (12), घनीराम (40), मोक्षी (40), शिवांश (6), योगेश (50), और विनोद (45) के रूप में हुई है। ये सभी कासगंज जिले के रहने वाले थे।

हादसे के तुरंत बाद जिला मजिस्ट्रेट श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। टक्कर मरने वाले ट्रक को जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।