Get App

आवा गुरु चाय पीला... वाराणसी रोपवे प्रोजेक्ट में हवा में भी मिलेगा खास बनारसी अहसास, नगर निगम की ये है तैयारी

नगर निगम की इस अनोखी पहल के तहत रोपवे के पूरे 4 किलोमीटर लंबे रूट के नीचे आने वाले मकानों की छतों पर खास थीम बेस्ड पेंटिंग्स बनाई जा रही हैं। जब यात्री ऊपर ट्रॉली से नीचे देखेंगे तो उन्हें छतों पर ठेठ बनारसी बोली वाले स्लोगन लिखे दिखाई देंगे।

Moneycontrol Hindi Newsअपडेटेड Oct 11, 2026 पर 4:06 PM
आवा गुरु चाय पीला... वाराणसी रोपवे प्रोजेक्ट में हवा में भी मिलेगा खास बनारसी अहसास, नगर निगम की ये है तैयारी
वाराणसी में 807 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस अर्बन रोपवे का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसे बनाने वाली कार्यदायी संस्था नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने 15 नवंबर तक निर्माण कार्य पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा है।

धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में देश का पहला अर्बन रोपवे ट्रांसपोर्ट बनकर लगभग तैयार हो चुका है। जल्द ही देश और दुनिया भर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु इस रोपवे के जरिए आसमान से बनारस के विहंगम दृश्यों का आनंद लेते हुए रोमांचक सफर कर सकेंगे। लेकिन इस सफर की सबसे दिलचस्प बात यह होगी कि जब यात्री हवा में रोपवे की ट्रॉली में सफर कर रहे होंगे, तब नीचे छतों से उनका स्वागत एकदम खास और ठेठ बनारसी अंदाज में होगा। वाराणसी नगर निगम ने इस रोमांचक सफर को और यादगार बनाने के लिए एक बेहद धांसू और खूबसूरत प्लान तैयार किया है, जिससे हवा में तैरते यात्रियों को हर पल काशी में होने का अहसास मिलता रहेगा।

'का हो गुरु...' और 'आवा गुरु चाय पीला': छतों पर उकेरे जा रहे बनारसी स्लोगन

नगर निगम की इस अनोखी पहल के तहत रोपवे के पूरे 4 किलोमीटर लंबे रूट के नीचे आने वाले मकानों की छतों पर खास थीम बेस्ड पेंटिंग्स बनाई जा रही हैं। जब यात्री ऊपर ट्रॉली से नीचे देखेंगे तो उन्हें छतों पर ठेठ बनारसी बोली वाले स्लोगन लिखे दिखाई देंगे। इन पेंटिंग्स में 'का हो गुरु का हाल चाल बा...' और 'आवा गुरु चाय पीला...' जैसे बेहद लोकप्रिय बनारसी संवादों को खूबसूरत रंगों में उकेरा गया है। इसके अलावा कई मकानों की छतों पर बनारस के प्रसिद्ध घाटों के मनमोहक चित्र और पारंपरिक रंगोलियां भी बनाई जा रही हैं।

वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस थीम बेस्ड पेंटिंग के जरिए रोपवे के सफर को और ज्यादा आकर्षक और जीवंत बनाने की कोशिश की जा रही है। अभी अलग-अलग छतों पर करीब दो दर्जन पेंटिंग्स बनाने का काम तेजी से चल रहा है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें