FIR Against Actor-Politician Vijay: तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय मुश्किल में फंस गए हैं। तमिलनाडु पुलिस ने कथित मारपीट की शिकायत के बाद थलापति विजय और उनके बाउंसरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तमिलनाडु के मदुरै में पिछले सप्ताह एक रैली के दौरान विजय के बाउंसर ने उनकी पार्टी TVK के एक कार्यकर्ता को उठाकर मंच से नीचे फेंक दिया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, कार्यकर्ता ने मंच की रेलिंग पकड़कर खुद को नीचे गिरने से बचा लिया।
इस मामले में अब विजय और उनके बाउंसरों पर FIR दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह FIR पेरम्बलुर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सरथकुमार नामक शिकायतकर्ता की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक घटना के दौरान विजय के बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, कुन्नम पुलिस ने कहा कि विजय और उनके सुरक्षा कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
'फ्री प्रेस जर्नल' की एक रिपोर्ट के अनुसार, विजय और 10 अन्य लोगों के खिलाफ चुनावी कार्यक्रम के दौरान भीड़ को कथित रूप से गलत तरीके से संभालने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। एक्टर के खिलाफ यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब 2024 में TVK की स्थापना करने वाले विजय खुद को तमिलनाडु की राजनीति में एक प्रमुख चुनौती के रूप में स्थापित करना चाहते हैं।
इस महीने की शुरुआत में अभिनेता-राजनेता ने घोषणा की थी कि वह 2026 का विधानसभा चुनाव मदुरै पूर्व से लड़ेंगे। इससे उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के खिलाफ अब तक का अपना सबसे सीधा चुनाव प्रचार किया।
विजय ने किया ऐतिहासिक जीत का दावा
21 अगस्त को आयोजित चुनावी रैली में विजय ने कहा कि अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा कि यह 1967 और 1977 के विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय दलों की उपलब्धियों जैसा ही होगा।
साल 1967 में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) की पहली जीत और एक दशक बाद एमजी रामचंद्रन के नेतृत्व में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) की यादगार जीत का जिक्र करते हुए विजय ने कहा कि उनकी पार्टी 2026 के विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
अभिनेता से नेता बने विजय ने मदुरै परापति में पार्टी के द्वितीय सम्मेलन में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, "टीवीके की राजनीति वास्तविक, भावनात्मक, लोगों की बेहतरी और केवल उनकी भलाई के लिए है।"
उन्होंने कहा, "यह हमारा दूसरा सम्मेलन है, जिसका विषय ‘मतदाताओं की वापसी का इतिहास’ है। वर्ष 1967 और 1977 के चुनावों की तरह, 2026 में तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ऐसा ही एक शानदार इतिहास दोहराया जाएगा।"
अपनी पार्टी की चुनावी संभावनाओं को लेकर राजनीतिक विरोधियों द्वारा की जा रही आलोचना की ओर इशारा करते हुए विजय ने कहा कि टीवीके अपनी उपलब्धियों के जरिए उन्हें (राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को) गलत साबित कर देगा।
राजनेता ने कहा, "हमें कम मत आंकिए, हमारे सम्मेलन में आने वाले लोग न केवल वोट देंगे, बल्कि जनविरोधी सरकार को करारा झटका भी देंगे... शेर हमेशा शेर ही रहता है- जंगल का राजा- यद्यपि जंगल में गीदड़ जैसे कई जानवर होते हैं।"