Thalapathy Vijay: विजय ने कहा था कि मैंने गरीबी और भूख देखी है... अब लोयला स्कूल में उनके साथ पढ़े राइटर ने इस बात को क्यों कहा बकवास?

Thalapathy Vijay News: जोसेफ विजय के साथ पढ़ चुके उनके दोस्त मनु जोसेफ ने बताया कि उनके पिता एक फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अपने बेटे के लिए फिल्मों में करियर बनाने का रास्ता तैयार किया था। जोफेस ने दावा किया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले भाषण में विजय ने जो कहा वह सब बकवास है

अपडेटेड May 11, 2026 पर 1:48 PM
Story continues below Advertisement
Thalapathy Vijay News: लोयला स्कूल में विजय के साथ पढ़े राइटर ने सीए्म के दावों को बकवास बताया है

Thalapathy Vijay News: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई) को शपथ लेने के बाद कहा कि वह अपनी सरकार में एकमात्र सत्ता का केंद्र होंगे। अभिनेता से राजनेता बने विजय ने खुद को साधारण बैकग्राउंड से आने वाले एक आम आदमी के रूप में पेश करने की कोशिश की। विजय ने कहा कि वह गरीबी और भूख से भलीभांति परिचित हैं, क्योंकि उनका जन्म कड़ी मेहनत करके सिनेमा जगत में सफलता प्राप्त करने की चाहत रखने वाले एक साधारण सहायक फिल्म निर्देशक के बेटे के रूप में हुआ था। लेकिन अब लोयला स्कूल में उनके साथ पढ़ चुके एक राइटर ने विजय के इस दावे को 'बकवास' करार दिया है।

विजय के साथ पढ़ चुके उनके दोस्त मनु जोसेफ ने बताया कि उनके पिता एक फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अपने बेटे के लिए फिल्मों में करियर बनाने का रास्ता तैयार किया था। जोफेस ने दावा किया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले भाषण में विजय ने जो कहा वह सब बकवास है, क्योंकि लोयला स्कूल (Loyola School) में तीसरी क्लास में वे मेरे क्लासमेट थे।

मनु जोसेफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले भाषण में विजय ने कहा कि वे गरीबी में पले-बढ़े हैं। और वे यह भी जानते हैं कि भूख क्या होती है। यह सब बकवास है, क्योंकि लोयोला स्कूल में तीसरी क्लास में वे मेरे क्लासमेट थे। उनके पिता एक फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अपने बेटे के लिए फिल्मों में करियर बनाने का रास्ता तैयार किया था।"


उन्होंने आगे लिखा, "हो सकता है कि ज्यादातर फिल्ममेकर्स की तरह उनके पिता को भी कभी-कभी पैसों की तंगी का सामना करना पड़ा हो। लेकिन यह तमिलनाडु की आम गरीबी जैसी बात नहीं है। बहुत से अमीर लड़के 'पैसे न होना' (broke) और 'गरीबी' को एक ही चीज समझ लेते हैं। ये दोनों बिल्कुल अलग-अलग बातें हैं।"

विजय ने क्या कहा था?

मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले भाषण में आश्वासन दिया कि उनके शासन में सत्ता का एकमात्र केंद्र वह खुद होंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, एक नई शुरुआत, एक नए युग का आरंभ हो चुका है। थलापति ने कहा, "यहां केवल एक ही केंद्र है, मेरे नेतृत्व वाला केंद्र। मैं अभी ही आपको बता रहा हूं, ऐसा नहीं होगा कि सत्ता का एक केंद्र इधर और एक केंद्र उधर।" उन्होंने कहा, "मैं किसी शाही वंश से नहीं आता, मैं आप जैसा ही हूं और आप में से एक हूं, आपके परिवार का एक सदस्य हूं।" उन्होंने कहा कि वे वास्तव में खुद को उनमें से एक, उनका बेटा या भाई जैसा महसूस कर रहे हैं।

वह परोक्ष तौर पर इस बात पर जोर दे रहे थे कि उन्हें किसी बड़े स्थापित राजनीतिक परिवार का समर्थन प्राप्त नहीं है। उन्होंने कहा, "यह एक नई शुरुआत है। वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष, सामाजिक न्याय का एक नया युग शुरू होता है...।" विजय ने कहा कि अपने राजनीतिक सफर में उन्हें और उनके समर्थकों को कई कठिनाइयों और अपमानों का सामना करना पड़ा। कठिनाइयों और अपमानों के बावजूद साथ खड़े रहने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे भी एक साधारण इंसान हैं, कोई फरिश्ता नहीं।

'झूठे वादे करके आपको धोखा नहीं दूंगा'

विजय ने कहा, "जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं झूठे वादे करके आपको धोखा नहीं दूंगा।" उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के समर्थन से वह मुश्किल से मुश्किल काम भी पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे आपको तमिलनाडु सरकार की वर्तमान स्थिति के बारे में बताना है। राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है, जिससे असहनीय बोझ पड़ गया है।"

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने ऐसी स्थिति में ही जिम्मेदारी संभाली है। उनका विचार पहले मौजूदा हालात का पूरी तरह आकलन करना और फिर एक श्वेतपत्र जारी करना था, जिसमें एक पारदर्शी सरकार देकर आगे बढ़ा जाए। विजय ने आश्वासन दिया कि वह अपने कामकाज में पूरी पारदर्शिता और खुलापन रखेंगे।

CM ने कहा, "आपने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही, मैं आपसे कुछ समय देने का अनुरोध करता हूं। मैं चरणबद्ध तरीके से अपने सभी वादों को पूरा करने का प्रयास करूंगा। मैं अपने वादों को पूरा करूंगा। साथ ही, यदि आप मुझे कुछ समय देंगे, तो यह मेरे लिए मददगार और सहयोगात्मक होगा। यह आपकी सरकार है।"

ये भी पढ़ें- WFH की अपील और पेट्रोल बचाने वाली बात पर अब अश्विनी वैष्णव ने अंडरलाइन की ये चीजें, मामला कितना गंभीर है समझिए

समानता को अपनी पार्टी का अडिग मूल सिद्धांत बताते हुए विजय ने कहा कि टीवीके सरकार अल्पसंख्यक भाइयों के साथ खड़ी रहेगी और इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, "विजय का चेहरा हिंदुओं, मुसलमानों और ईसाइयों का प्रतिनिधित्व करता है। आप इस विजय पर शत-प्रतिशत भरोसा कर सकते हैं।" उन्होंने राज्य में इस पद तक पहुंचाने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।