IMD Weather Alert: देश के इन राज्यों में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट, वेस्टर्न डिस्टरबेंस दिखाएगा असर...IMD ने दी ये चेतावनी

IMD Weather Alert : मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का पहला सिस्टम 16 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच आने की संभावना है, जबकि दूसरा सिस्टम 18 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच पहुंच सकता है। ये दोनों मौसम सिस्टम पिछले कुछ हफ्तों में आए कई पश्चिमी विक्षोभों के बाद आ रहे हैं। इनकी वजह से पहले भी कई जगहों पर बारिश, आंधी और ओले गिरे थे

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 3:58 PM
Story continues below Advertisement
Weather News: आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में पड़ सकते हैं ओले

देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। एक तरफ अप्रैल के महीने में ही कई राज्यों में भयंकर गर्मी महसूस की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों मे बारिश के आसार मंडरा रहे हैं। वहीं वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ने एरक बार करवट बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते उत्तरी भारत की ओर दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहे हैं। वहीं इस वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से एक बार फिर देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

बदल जाएगा मौसम

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का पहला सिस्टम 16 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच आने की संभावना है, जबकि दूसरा सिस्टम 18 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच पहुंच सकता है। ये दोनों मौसम सिस्टम पिछले कुछ हफ्तों में आए कई पश्चिमी विक्षोभों के बाद आ रहे हैं। इनकी वजह से पहले भी कई जगहों पर बारिश, आंधी और ओले गिरे थे, जिससे तापमान में गिरावट आई थी और लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी।


इन राज्यों में दिखेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर

यह नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज़्यादातर जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों, उत्तरी पंजाब और हिमाचल प्रदेश में असर दिखाएंगे। यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, मैदानी इलाके अधिकतर सूखे रहेंगे। ऐसा मौसम आम तौर पर मध्यम पश्चिमी विक्षोभ के दौरान देखा जाता है, जब नमी पहाड़ों की ओर बढ़ती है और वहीं मौसम बदलता है। अप्रैल 2026 में पहले ही कई बार ऐसे सिस्टम आ चुके हैं, जिनकी वजह से उत्तरी भारत में बेमौसम बारिश, ओले और ठंडे दिन देखने को मिले हैं। आने वाले दोनों विक्षोभ हल्के माने जा रहे हैं। ये पहाड़ों में थोड़ी नमी जरूर लाएंगे, लेकिन मैदानी इलाकों पर इनका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। इसका सीधा मतलब है कि मैदानों के शहरों में अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा।

क्या दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढ़ेगी?

जहां पहाड़ी इलाकों में मौसम से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में अब गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है। हाल ही में हुई बारिश से कुछ दिनों तक ठंडक महसूस हुई थी, लेकिन अब तापमान फिर से तेजी से ऊपर जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 17 अप्रैल तक यह बढ़कर 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। इस सीजन में यह पहली बार होगा जब दिल्ली-एनसीआर में तापमान 40 डिग्री के पार जाएगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

अगले 48 घंटों में राजधानी और आसपास के इलाकों में आसमान ज्यादातर साफ या हल्के बादलों वाला रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के कोई खास आसार नहीं हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे रातें पहले से ज्यादा गर्म और थोड़ी असहज हो सकती हैं। हालांकि अभी तुरंत तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना नहीं है, लेकिन जिस तेजी से गर्मी बढ़ रही है, उससे लोगों को परेशानी जरूर महसूस होगी।

विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, दोपहर की तेज धूप से बचें और हल्के व आरामदायक कपड़े पहनें। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अपना ज्यादा ध्यान रखना चाहिए। यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है जब आसमान साफ है और हाल ही में आए पश्चिमी विक्षोभ का ठंडा असर अब कम होता जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा, जिससे लोगों को अप्रैल के ठंडे और सुहावने दिन याद आ सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।