Water ATM: क्या है हाई-टेक 'वॉटर एटीएम'? दिल्ली CM ने किया उद्घाटन, नागपुर में भी पायलट प्रोजेक्ट शुरू, लोगों को मिलेगा RO का साफ पानी

Water ATM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार (22 अप्रैल) को शालीमार बाग इलाके की एक अनऑथराइज्ड कॉलोनी में ‘वॉटर एटीएम’ और अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सीएम ने बताया कि यह अपनी तरह का पहला बड़ा ‘वॉटर ATM’ है जो हर घंटे 2000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है

अपडेटेड Apr 22, 2026 पर 4:33 PM
Story continues below Advertisement
Water ATM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को राजधानी के कई इलाकों में 'वॉटर एटीएम' का उद्घाटन किया (AI फोटो)

Water ATM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार (22 अप्रैल) को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले इलाकों में 'वॉटर एटीएम' का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि सरकार शहर के हर निवासी को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए दिन रात काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यह अपनी तरह का पहला बड़ा Water ATM है जो हर घंटे 2000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है। सीएम ने कहा, "आज हमारे पास ऐसी सरकार है जो अनऑथराइज्ड कॉलोनियों और झुग्गियों के विकास के लिए कई परियोजनाएं चला रही है।"

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने एयू ब्लॉक (एकता कैंप, पीतमपुरा), सोम बाजार रोड (आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने, हैदरपुर), एए सेवा बस्ती (फोर्टिस अस्पताल के पास) और सीए ब्लॉक सेवा बस्ती (शालीमार बाग) में लगाए गए 'वॉटर एटीएम' का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को 'वॉटर एटीएम' कार्ड भी बांटे गए ताकि वे आसानी से साफ पीने का पानी ले सकें।

लोगों को मिलेगा RO का साफ पानी


सीएम ने कहा, "दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के हर क्षेत्र और हर घर तक साफ पीने का पानी पहुंचे। 'वॉटर एटीएम' इस दिशा में एक अहम कदम हैं। यह लोगों को सस्ता और अच्छी गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराएंगे।" गुप्ता ने कहा कि इन सभी 'वॉटर एटीएम' में पांच चरण वाली आधुनिक RO सिस्टम लगी है, जो हर घंटे करीब 2,000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और संपूर्ण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 9,000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि 'वॉटर एटीएम’ विकसित दिल्ली के निर्माण की मजबूत नींव है।

नागपुर में भी पायलट प्रोजेक्ट शुरू

दिल्ली के अलावा नागपुर नगर निगम ने भी शहर के दो सबसे व्यस्त ट्रांजिट पॉइंट्स 'मोर भवन बस स्टैंड' और 'पंचशील स्क्वायर' पर हाई-टेक 'वॉटर ATM' लगाने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस पहल की परिकल्पना नगर आयुक्त डॉ. विपिन इटांकर ने यात्रियों और आसपास रहने वाले लोगों को किफायती, सुरक्षित और साफ पीने का पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की थी। पंचशील स्क्वायर को इसलिए चुना गया क्योंकि यह कई प्राइवेट अस्पतालों के पास स्थित है। जबकि मोर भवन को एक प्रमुख बस यात्री केंद्र होने के कारण चुना गया।

'वॉटर एटीएम' की बड़ी बातें

जिला योजना और विकास समिति सेल द्वारा जारी 'एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट' (EOI) के अनुसार, हर यूनिट में एक एडवांस प्यूफिकेशन सिस्टम होगी, जो 'रिवर्स ऑस्मोसिस' और 'अल्ट्राफिल्ट्रेशन' टेक्नोलॉजी का उपयोग करेगी। यह यूनिट 4 मीटर गुणा 5 मीटर के एक पहले से बने प्रीफैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर में स्थापित की जाएगी।

हर कियोस्क की शुद्धिकरण क्षमता 1,000 लीटर प्रति घंटा होगी। इसमें RFID आधारित पानी देने की सिस्टम, वॉटर ATM इंटरफेस, ठंडा पानी देने के लिए एक चिलिंग प्लांट और 5,000 लीटर कच्चे पानी को जमा करने के लिए एक टैंक शामिल होगा।

इन यूनिट्स में 'रिमोट मॉनिटरिंग' और SIM-आधारित कंट्रोल पैनल लगे होंगे। इससे नगर निगम के अधिकारी वास्तविक समय में इनकी निगरानी कर सकेंगे। साथ ही इनके प्रदर्शन की रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे। EOI के माध्यम से ठेकेदारों को इन यूनिट्स की आपूर्ति, स्थापना और चालू करने के लिए प्रस्ताव जमा करने हेतु आमंत्रित किया गया है। खरीद और साइट पर होने वाले कार्यों का प्रबंधन नगर निगम की टेंडर प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जाएगा।

इस प्रीफैब्रिकेटेड डिजाइन का उद्देश्य इन कियोस्क को तेजी से स्थापित करना और उनका रखरखाव आसान बनाना है। यह पायलट प्रोजेक्ट नगर निगम के एक व्यापक प्रयास का हिस्सा है। इसका उद्देश्य आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का आधुनिकीकरण करना और अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पीने के पानी की उपलब्धता को बेहतर बनाना है। नगर निगम इस पायलट प्रोजेक्ट के दौरान प्राप्त डेटा और यूजर्स की प्रतिक्रिया का मूल्यांकन करेगा। लोगों ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

दिल्ली के झुग्गियों में रहने वालों को मिलेगा साफ पानी

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार अनऑथराइज्ड बस्तियों में स्थित सभी झुग्गियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा, "वह दिन जरूर आएगा जब दिल्ली के हर झुग्गीवासी के पास पक्का मकान होगा। मैं इसके लिए निरंतर प्रयास करती रहूंगी। दिल्ली में लगभग 700 झुग्गी बस्तियां हैं जिनमें लाखों लोग रहते हैं।" सीएम गुप्ता के निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में लगभग आठ 'वॉटर एटीएम’ स्थापित किए गए हैं, जो इंडियन ऑयल कंपनी की सीएसआर पहल का हिस्सा हैं।

ये भी पढ़ें- Pappu Yadav-Anant Singh: 'पागल हो गया है...'; पप्पू यादव के शर्मनाक बयान पर भड़के अनंत सिंह, पूर्णिया सांसद की जा सकती है लोकसभा सदस्यता

मुख्यमंत्री ने अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों से यह भी अनुरोध किया कि वे नई झुग्गियां न बनाएं, क्योंकि इससे सड़कें बाधित होती हैं। साथ ही दूसरों के लिए परेशानी पैदा होती है। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग के सीए ब्लॉक क्षेत्र में मुनक नहर की सफाई कार्य एवं निर्माणाधीन छठ घाट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का समय पर और व्यवस्थित निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।