Parag Jain: 'ऑपरेशन सिंदूर' में बड़ी भूमिका निभाने वाले पराग जैन बने रॉ के नए प्रमुख, जानिए कौन हैं वो?

R&AW Chief Parag Jain: पराग जैन को एजेंसी में 15 वर्षों से अधिक के अनुभव हैं। उन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों, पंजाब की आंतरिक सुरक्षा, सिख उग्रवाद और खालिस्तान से जुड़े आंदोलन, सीमा पार और प्रवासी निगरानी जैसे मामलों में बखूबी भूमिका निभाई है

अपडेटेड Jun 28, 2025 पर 6:17 PM
Story continues below Advertisement
पराग जैन ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी

R&AW Chief Parag Jain: केंद्र सरकार ने 1989 बैच के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी पराग जैन को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) का नया सचिव नियुक्त किया है। शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार ने ये फैसला लिया। उन्हें यह नियुक्ति दो साल के निश्चित कार्यकाल के लिए मिली है। वह 1 जुलाई को आधिकारिक तौर पर रवि सिन्हा की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 28 जून को जैन की पदोन्नति को मंजूरी दी।

वर्तमान में उड्डयन अनुसंधान केंद्र (एआरसी) के प्रमुख के रूप में कार्यरत जैन ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके नेतृत्व में एआरसी ने ह्यूमन इंटेलिजेंस (HUMINT) और टेक्निकल इंटेलिजेंस (TECHINT) क्षमताओं के संयोजन का उपयोग करके पाकिस्तानी सैन्य तैनाती पर कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी एकत्र की थी।

रॉ में 15 वर्षों से अधिक का है अनुभव


पराग जैन वर्तमान में रॉ में दूसरे सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं, जो सीधे हाई कमान को रिपोर्ट करते हैं। वे कई उच्च जोखिम वाले परिचालन और खुफिया प्रभागों की देखरेख करते हैं। एजेंसी में 15 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इसमें गहरी विशेषज्ञता हासिल की है। उन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों, पंजाब की आंतरिक सुरक्षा, सिख उग्रवाद और खालिस्तान से जुड़े आंदोलन, सीमा पार और प्रवासी निगरानी जैसे मामलों में बखूबी भूमिका निभाई है। उन्होंने जम्मू और कश्मीर में अनुच्छेद 370 के हटने के बाद केंद्र की आतंकवाद विरोधी रणनीति और केंद्र शासित प्रदेश के सुरक्षा पुनर्गठन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

जैन के अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट में कनाडा के ओटावा में एक महत्वपूर्ण पद शामिल है, जहां उन्होंने कट्टरपंथी सिख प्रवासी समूहों की निगरानी की और अलगाववादी नेटवर्क में घुसपैठ करने के लिए काम किया। बाद में उन्हें 2022 के श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान वहां तैनात किया गया था, जहां उन्होंने शासन परिवर्तन और राजनीतिक उथल-पुथल को सामने से अनुभव किया जिससे उन्हें हाई अनस्टेबिलिटी वाले विदेशी माहौल में प्रत्यक्ष ऑपरेशन का अनुभव मिला।

पराग जैन की नियुक्ति क्यों महत्वपूर्ण है?

पराग जैन का प्रमोशन ऐसे समय में हुआ है जब भारत के बाहरी खुफिया समुदाय के लिए सीमा पार आतंकवाद और खालिस्तानी पुनरुत्थान से लेकर चीन-पाकिस्तान का गठजोड़ और नए जमाने के युद्ध जैसी कई रणनीतिक चुनौतियां देश के सामने बढ़ रही हैं। जमीनी स्तर की पुलिसिंग के अनुभव, विदेशी खुफिया पोस्टिंग और तकनीकी सक्षम नेतृत्व के एक जबरदस्त संयोजन के साथ, पराग जैन से भू-राजनीतिक रूप से संवेदनशील अवधि के दौरान रॉ के मिशन में तेजी लाने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।