Republic Day Parade 2026: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की असिस्टेंट कमांडेंट सिमरन बाला 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में पैरामिलिट्री फोर्स की पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी महिला सीआरपीएफ अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस की अलग-अलग टुकड़ियों की कमान संभाली है। लेकिन यह पहली बार है जब कोई महिला अधिकारी इस राष्ट्रीय समारोह में 140 से अधिक पुरुष CRPF जवानों की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी।
सिमरन बाला से जुड़ी बड़ी बातें
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले की रहने वाली 26 साल की बाला अधिकारी रैंक में देश के सबसे बड़े पैरामिलिट्री फोर्स में शामिल होने वाली जिले की पहली महिला हैं। सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स देश का सबसे बड़ा इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स है। इसके करीब 3.25 लाख कर्मी हैं। इसके प्रमुख ऑपरेशन एरिया में नक्सल विरोधी अभियान, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान और नॉर्थ-ईस्ट में उग्रवाद विरोधी जिम्मेदारियां शामिल हैं।
'ग्रेटर कश्मीर' के अनुसार, वह जम्मू और कश्मीर से एकमात्र महिला उम्मीदवार थीं। उन्होंने मई 2023 में UPSC सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) परीक्षा पास की। उन्होंने 82वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की थी। वह उस साल J&K से क्वालिफाई करने वाली अकेली महिला कैंडिडेट थीं। इसके बाद वह उस इलाके की युवा उम्मीदवारों के लिए रोल मॉडल बन गईं।
अधिकारियों ने बताया कि बाला ने जम्मू के गांधी नगर स्थित सरकारी महिला कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। उन्हें अप्रैल 2025 में सीआरपीएफ में शामिल किया गया। उनकी पहली तैनाती छत्तीसगढ़ में 'बस्तरिया' बटालियन में हुई, जहां उन्हें नक्सल विरोधी अभियानों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा आयोजित CAPF असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा पास करने के बाद गुरुग्राम स्थित सीआरपीएफ अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान उन्हें बेस्ट ऑफिसर और पब्लिक स्पीकिंग के लिए अवॉर्ड मिले।
सिमरन बाला ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "मैं J&K की अकेली लड़की हूं जिसने इस साल यह परीक्षा पास की है। मुझे बहुत गर्व और खुशी हो रही है।"
क्या है गणतंत्र दिवस परेड?
हर साल 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलती है। इस दौरान परेड रायसीना हिल से कर्तव्य पथ होते हुए इंडिया गेट के रास्ते लाल किले की ओर बढ़ती है।
CRPF और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की महिला 'डेयर डेविल्स' की एक संयुक्त टीम भी परेड में शामिल होगी। यह टीम एनफील्ड बुलेट बाइक चलाएगी। इन दोनों सुरक्षा बलों की महिला जवानों ने यह कारनामा 2020 के गणतंत्र दिवस पर भी किया था। सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) का पैदल दस्ता और बैंड टीम परेड में शामिल होगी। जबकि बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की ऊंट सवार टुकड़ी और बैंड टीम परेड में मौजूद रहेगी।