Yusuf Pathan News: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में इस वक्त एक नया राजनीतिक तूफान आया हुआ है। TMC के बागी सांसद दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। वे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने का समय मिलने का इंतजार कर रहे हैं। बागी गुट के सूत्रों का दावा है कि उनकी संख्या बढ़ रही है। उनका कहना है कि पूर्व क्रिकेटर और TMC सांसद यूसुफ पठान के भी इस बागी ग्रुप में शामिल होने की उम्मीद है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब संकट को संभालने की कोशिशों के बीच ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी भी राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद हैं।
खबरों के मुताबिक, बागी गुट 'असली' TMC होने का दावा पेश करने और लोकसभा स्पीकर से मान्यता हासिल करने की तैयारी कर रहा है। इससे पार्टी पर नियंत्रण की लड़ाई और तेज हो गई है। इस बीच, TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने ही साथी MP यूसुफ पठान पर निशाना साधते हुए उनके दिल्ली दौरे पर सवाल उठाए हैं। मोइत्रा ने यूसुफ पठान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर दिल्ली जा रहे हैं।
उन्होंने पठान से बहारामपुर के मतदाताओं द्वारा भारी अंतर से चुने गए व्यक्ति के रूप में साहस, शर्म और रीढ़ दिखाने की मांग की। उन्होंने X पर लिखा, "और यूसुफ पठान क्या आप इसलिए दिल्ली भाग रहे हैं क्योंकि अमित शाह ने आपको बुलाया है? थोड़ी हिम्मत दिखाओ। आप भारत के लिए खेले हैं। हमारे जिले ने आपको भारी अंतर से जिताया है। थोड़ी शर्म और जरा रीढ़ की हड्डी (आत्म-सम्मान) दिखाइए।"
महुआ की ये टिप्पणियां टीएमसी के चल रहे संकट के दौरान आईं, जिसमें मुख्य सचेतक काकोली घोष दस्तिदार के नेतृत्व में 28 में से लगभग 20 लोकसभा सांसदों ने बिना तुरंत इस्तीफा दिए NDA के प्रति समर्थन घोषित कर दिया है। उन्होंने बंगाल के विकास और शासन जैसे मुद्दों का हवाला दिया।
यूसुफ पठान पर क्यों उठे सवाल?
यूसुफ पठान ने 2024 में भारत के लिए क्रिकेट खेलने के बाद टीएमसी टिकट पर बहारामपुर सीट जीती थी। अब गठबंधन बदलाव की अटकलों के बीच आंतरिक दबाव का सामना कर रहे हैं, जिससे टीएमसी के वफादारों और विरोधियों दोनों से तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
महुआ मोइत्रा ने X पर बागी गुट पर तीखा हमला किया। मोइत्रा ने कहा कि सांसद 2024 में TMC के जनादेश पर चुने गए थे, न कि NDA के समर्थन में...। अपनी सीट बनाए रखते हुए पाला बदलने की किसी भी कोशिश की वैधता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बागी सांसदों को इस्तीफा देने और नए सिरे से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
उन्होंने लिखा, "सांसद 2024 में TMC के टिकट पर जीते थे। जनादेश NDA के लिए नहीं था। वे सभी लालची, स्वार्थी और डरपोक गद्दार अब BJP में शामिल हो सकते हैं -- अपनी सीटों से इस्तीफा दें और BJP के टिकट पर चुनाव लड़ें। देखते हैं आप कितने बड़े हीरो हैं।" मोइत्रा ने बागियों को चुनौती देते हुए आगे कहा, "देखते हैं आप कितने बड़े हीरो हैं।"
विधानसभा से लेकर संसद तक तृणमूल में बगावत
अपने विधायकों के बीच फूट के बाद, तृणमूल कांग्रेस संसद में भी इसी तरह के संकट का सामना करती नजर आ रही है। अधिकांश सांसदों के समर्थन का दावा करने वाले पार्टी के एक गुट ने ममता बनर्जी का साथ छोड़कर BJP की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन करने का फैसला किया है। सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में गहराता संकट उस वक्त और बढ़ गया जब दस्तीदार ने दावा किया कि पार्टी के 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखने का फैसला किया है।
सोमवार को एक ओर जहां तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने नई दिल्ली में 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में भाग लिया। वहीं दूसरी ओर बागी गुट की अगुवाई कर रही लोकसभा सदस्य काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि उन्होंने राजग को अपने समर्थन की जानकारी देने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखने का फैसला किया है।