Railway Recruitment 2025: केंद्र सरकार इस साल भारतीय रेलवे में बड़े पैमाने पर भर्ती निकालने की तैयारी कर रही है। रेलवे भर्ती बोर्ड अलग-अलग खाली पड़े पदों को भरने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चला रहे हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पहली तिमाही में 9,000 से अधिक नियुक्ति पत्र जारी कर दिए हैं। रेल मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय रेलवे वित्त वर्ष 2025-26 में 50,000 से अधिक उम्मीदवारों की नियुक्तियां करेगा। रेल मंत्रालय की तरफ से बुधवार (9 जुलाई) को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई है।
रेल मंत्रालय ने एक प्रेस नोट में कहा, "रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने नवंबर 2024 से 55,197 खाली पड़े पदों के संबंध में सात विभिन्न अधिसूचना जारी कर 1.86 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) आयोजित किए हैं।"
प्रेस नोट में आगे कहा गया है, "इससे रेलवे भर्ती बोर्ड वित्त वर्ष 2025-26 में 50,000 से अधिक उम्मीदवारों की नियुक्तियां कर पाSगा। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आरआरबी द्वारा 9,000 से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।"
इन भर्ती परीक्षाओं का उद्देश्य कुल 55,197 पदों को भरना है। इनमें से अधिकांश की नियुक्ति वर्तमान वित्तीय वर्ष में की जाएगी। इतने बड़े संख्या में उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित करना एक बड़ा काम है। इसके लिए विस्तृत योजना और समन्वय की आवश्यकता होती है।
रेलवे मंत्रालय ने कहा कि आरआरबी एग्जाम के लिए सीबीटी आयोजित करना एक बहुत बड़ी प्रक्रिया है। इसके लिए काफी योजना और समन्वय की आवश्यकता होती है। प्रेस नोट में कहा गया है कि आरआरबी ने हाल ही में उम्मीदवारों के निवास स्थान के करीब एग्जाम सेंटर आवंटित करने की पहल की है। इसमें महिलाओं और दिव्यांगजनों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
इसके लिए अधिक एग्जाम सेंटरों को सूचीबद्ध करने और निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने के लिए अधिक तैयारी की आवश्यकता है। मंत्रालय ने कहा कि आरआरबी ने अपने प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर के अनुसार 2024 से 1,08,324 भर्तियों के लिए 12 अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं। अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50,000 से अधिक नियुक्तियां की जाएंगी।
रेलवे भर्ती एग्जाम की निष्पक्षता बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से बताते हुए रेल मंत्रालय ने कहा, "इतने बड़े पैमाने पर होने वाली परीक्षाओं में पहली बार उम्मीदवारों की पहचान प्रमाणित करने के लिए E-KYC आधारित आधार प्रमाणीकरण का उपयोग किया गया है। इसमें 95% से अधिक सफलता प्राप्त हुई है।"
प्रेस नोट में कहा गया है, "इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल की संभावना को समाप्त करने के लिए अब आरआरबी के सभी एग्जाम सेंटरों पर 100% जैमर तैनात किए जा रहे हैं।" बता दें कि देश के युवा काफी समय से रेलवे में भर्ती चालू होने का इंतजार कर रहे थे। उनके लिए ये खबर राहत भरी है।