सर्दियों के मौसम में रजाई और कंबल का इस्तेमाल हर घर में बढ़ जाता है। ठंड से बचने के लिए हम इन्हें बार-बार इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अक्सर इनकी सफाई पर ध्यान नहीं देते। लंबे समय तक बिना साफ किए रखे रजाई और कंबल में धूल, माइट्स, कीड़े और नमी जमा हो जाती है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। इससे स्किन पर खुजली, छोटे दाने या चकत्ते उभर सकते हैं, वहीं एलर्जी वाले लोगों को खांसी-छींक और सांस संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। इसके अलावा, लंबे समय तक इस्तेमाल न किए जाने पर रजाई और कंबल में बदबू भी आने लगती है और ये पुराने दिखने लगते हैं।
