Credit Cards

Curd adulteration: क्या आप भी रोज खा रहे हैं नकली दही? FSSAI की गाइड से करें पहचान

Curd adulteration: दही में मिलावट एक आम लेकिन खतरनाक सच्चाई बन चुकी है। बाजार से खरीदी जाने वाली दही में हानिकारक तेल या केमिकल मिलाए जा सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप मिलावटी दही की पहचान करना सीखें ताकि सेहत को नुकसान से बचाया जा सके।

अपडेटेड Jun 26, 2025 पर 3:15 PM
Story continues below Advertisement
Curd adulteration: अगर आप मिलावट से बचना चाहते हैं, तो घर पर दही जमाना सबसे अच्छा उपाय है।

हमारी थाली में दही सिर्फ स्वाद ही नहीं, सेहत का भी अहम हिस्सा होता है। ये पाचन को सुधारता है, इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है और गर्मी में शरीर को ठंडक देता है। लेकिन क्या हो अगर यही दही मिलावट का शिकार हो जाए? हाल ही में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां 600 किलो मिलावटी दही पकड़ा गया। ये दही लोकल दुकानों और ठेलों पर सप्लाई किया जा रहा था। सोचिए, जिस चीज को हम हेल्दी मानकर निश्चिंत होकर खाते हैं, अगर वही जहर बन जाए तो?

दही जैसी रोजमर्रा की चीज में मिलावट अब एक गंभीर समस्या बन चुकी है। ऐसे में ये जानना जरूरी है कि मिलावटी दही हमारी सेहत को कैसे नुकसान पहुंचा सकता है और इससे बचने के लिए हमें क्या सतर्कताएं बरतनी चाहिए।

मिलावटी दही कैसे बनाया जाता है?


दही को गाढ़ा और ताजा दिखाने के लिए उसमें हाइड्रोजेनेटेड ऑयल या सस्ते वनस्पति तेल की मिलावट की जाती है। कई बार सिंथेटिक दूध का इस्तेमाल कर दही जमाया जाता है, जिसमें डिटर्जेंट, यूरिया और स्टार्च जैसे हानिकारक केमिकल्स होते हैं। ये दिखने में सामान्य लगते हैं लेकिन सेहत के लिए बेहद नुकसानदेह होते हैं।

नकली दही से क्या हो सकता है नुकसान?

डायटीशियन बताते हैं कि दही एक नेचुरल प्रोबायोटिक होता है, जो पाचन और इम्यूनिटी को बेहतर बनाता है। लेकिन मिलावट वाला दही उल्टा असर करता है—पेट की बीमारियां, फूड पॉइजनिंग, और लिवर-किडनी की दिक्कतों का कारण बन सकता है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए ये और भी खतरनाक हो सकता है।

कैसे पहचानें मिलावटी दही?

FSSAI ने कुछ आसान घरेलू टेस्ट बताए हैं:

शक होने पर दही को गर्म पानी में घोलें—अगर तेल या कोई गाढ़ा पदार्थ तैरने लगे, तो समझिए कुछ गड़बड़ है।

दही को उंगली से रगड़कर देखें—कृत्रिम चिकनाई का एहसास हो तो सावधान हो जाएं।

बाजार से दही खरीदते समय क्या सावधानी रखें?

खुले दही के लिए:

दुकान साफ-सुथरी हो।

दही फ्रिज या बर्फ में रखा हो।

दुकानदार से दूध के सोर्स और दही जमाने के तरीके के बारे में पूछें।

पैकेज्ड दही के लिए:

FSSAI नंबर और पैकिंग की स्थिति जांचें।

मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर देखें।

खाने से पहले गंध और स्वाद पर ध्यान दें।

घर पर दही जमाना है सबसे सुरक्षित तरीका

अगर आप मिलावट से बचना चाहते हैं, तो घर पर दही जमाना सबसे अच्छा उपाय है। बस ध्यान रखें कि दूध और जामन दोनों शुद्ध हों। इससे आप और आपके परिवार की सेहत सुरक्षित रहेगी।

मिलावटी दही की शिकायत कहां करें?

अगर आपको शक है कि आपने मिलावटी दही खरीदी है, तो आप FSSAI की वेबसाइट या Food Safety Connect ऐप पर शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा लोकल हेल्थ डिपार्टमेंट या फूड इंस्पेक्टर से भी संपर्क किया जा सकता है।

सिर्फ दही ही नहीं, बाकी डेयरी प्रोडक्ट्स भी खतरे में

दूध, पनीर, घी, मक्खन और क्रीम—इन सबमें मिलावट संभव है। इसलिए खरीदारी में हमेशा सतर्क रहें और जांच-परख कर ही कोई भी उत्पाद घर लाएं।

kitchen hacks: अब खाना पकाना नहीं लगेगा बोझ, ये 10 टिप्स बदल देंगे रसोई का अनुभव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।