मशरूम अपनी लाजवाब स्वाद और पोषक तत्वों की वजह से दुनिया भर में पसंद किए जाते हैं। इनमें मौजूद प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स इन्हें हेल्दी डाइट का हिस्सा बनाते हैं। लेकिन ध्यान रखने वाली बात ये है कि प्रकृति में उगने वाले सभी मशरूम खाने योग्य नहीं होते। कई प्रजातियां बेहद जहरीली होती हैं, जो दिखने में साधारण या आकर्षक लग सकती हैं, लेकिन इन्हें खाने से गंभीर फूड पॉयजनिंग, अंगों को नुकसान या यहां तक कि जान का खतरा भी हो सकता है। समस्या ये है कि जहरीले और खाने योग्य मशरूम अक्सर आकार और रंग में काफी मिलते-जुलते होते हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
इसलिए, अगर आप जंगल या खुले स्थानों से मशरूम इकट्ठा करते हैं, तो आपको उनके बारे में सही जानकारी और पहचान के संकेत पता होना बेहद जरूरी है। सही पहचान से आप स्वाद का आनंद भी ले पाएंगे और अपनी सेहत को भी सुरक्षित रख सकेंगे।
जहरीले मशरूम अक्सर लाल, नारंगी या पीले जैसे चमकीले रंगों में पाए जाते हैं। ये रंग उनके खतरनाक होने का संकेत हो सकता है। हालांकि हर रंगीन मशरूम जहरीला नहीं होता, लेकिन अगर आपको कोई मशरूम असामान्य रंग में दिखे, तो उसे खाने से पहले किसी विशेषज्ञ की राय लें।
सफेद गिल्स और स्पोर प्रिंट
कुछ खतरनाक मशरूम, जैसे अमानिता प्रजाति, में सफेद गिल्स और सफ़ेद स्पोर प्रिंट पाए जाते हैं। खाने योग्य मशरूम में आमतौर पर गहरे रंग के स्पोर होते हैं। इसलिए अगर गिल्स और बीजाणु सफेद दिखें, तो सतर्क हो जाएं और उन्हें खाने से बचें।
टोपी और तने की अजीब विशेषताएं
जहरीले मशरूम की टोपी और तने पर अक्सर अलग संरचना होती है जैसे बल्बनुमा आधार, तने के चारों ओर रिंग या नीचे थैली जैसी संरचना (वोल्वा)। ऐसे संकेत दिखने पर मशरूम को छूने या खाने से बचें।
खाने योग्य मशरूम की गंध हल्की और मिट्टी जैसी होती है, जबकि जहरीले मशरूम से तेज, केमिकल जैसी या बदबूदार गंध आ सकती है। अगर किसी मशरूम से साबुन जैसी या अजीब स्मेल आए, तो उसे न खाएं।
खतरनाक मशरूम अक्सर गीले, अंधेरे और सड़ी-गली जगहों पर उगते हैं—जैसे सड़ती लकड़ी के पास या शंकुधारी पेड़ों के नीचे। ऐसे स्थानों पर मिले मशरूम से दूरी बनाए रखना ही बेहतर है।