तेज धूप, गर्म हवाएं और लू के थपेड़े इस समय हर किसी के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। जहां एक तरफ इंसानों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ किचन गार्डन में लगे पौधे भी इस भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। घर की बालकनी या छत पर लगे हरे-भरे पौधे इस मौसम में तेजी से सूखने लगते हैं, पत्तियां मुरझा जाती हैं और कई बार पूरी मेहनत बर्बाद होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में पौधों को सिर्फ पानी देना ही काफी नहीं होता, बल्कि उनकी सही देखभाल और समय पर सुरक्षा भी बेहद जरूरी हो जाती है।
थोड़ी सी लापरवाही पौधों को नुकसान पहुंचा सकती है, जबकि सही तरीका अपनाकर इन्हें गर्मी में भी सुरक्षित और हरा-भरा रखा जा सकता है। इसलिए इस मौसम में पौधों की देखभाल को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होती है ताकि आपका किचन गार्डन खराब न हो।
गर्मी में पौधों की खास देखभाल क्यों जरूरी है?
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ये मौसम पौधों के लिए काफी नाजुक होता है। इस समय पौधों को सही समय पर पानी देना और उनकी देखभाल करना बेहद जरूरी है, वरना पौधे कमजोर होकर सूख सकते हैं या बीमार पड़ सकते हैं।
शाम के समय करें हल्की सिंचाई
गर्मी में पौधों को पानी देने का सबसे सही समय शाम का होता है। दोपहर की तेज धूप में पानी देने से जड़ों को नुकसान हो सकता है। हल्की फुहार या स्प्रिंकलर से पानी देने पर पौधों को ठंडक मिलती है और वे ताजगी महसूस करते हैं।
ज्यादा पानी से बढ़ सकता है खतरा
कई लोग सोचते हैं कि ज्यादा पानी देने से पौधे सुरक्षित रहेंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। जरूरत से ज्यादा पानी देने पर मिट्टी में पानी भर जाता है और जड़ों में सड़न यानी रूट रॉट की समस्या हो सकती है, जिससे पौधे सूख जाते हैं।
हवा से बचाने के लिए बनाएं सुरक्षा घेरा
तेज गर्म हवाएं पौधों की नमी को जल्दी खत्म कर देती हैं। इससे बचने के लिए किचन गार्डन के चारों ओर ऊंचे पौधे या झाड़ियां लगाकर एक प्राकृतिक दीवार बनाई जा सकती है, जो पौधों को लू से बचाती है।
इस मौसम में कीड़े और बीमारियां तेजी से फैलती हैं। इसलिए पौधों को नियमित रूप से चेक करना जरूरी है। अगर पत्तियों में दाग, सूखापन या कीड़े दिखें तो तुरंत जैविक उपचार या दवा का इस्तेमाल करना चाहिए।
सही देखभाल से बच सकती है मेहनत
अगर इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो भीषण गर्मी में भी किचन गार्डन को हरा-भरा रखा जा सकता है। थोड़ी सावधानी आपकी महीनों की मेहनत को बर्बाद होने से बचा सकती है।