Railway Rules: ट्रेन छूट गई तो क्या करें? जान लें रेलवे के जरूरी नियम

Missed Train Rules: अगर किसी कारण आपकी ट्रेन छूट जाए, तो घबराकर तुरंत निर्णय लेने से बचें। सबसे पहले रेलवे के जरूरी नियमों को समझना जरूरी है। सही जानकारी के बिना उठाया गया कदम आपको परेशानी में डाल सकता है और आपको भारी जुर्माना भी चुकाना पड़ सकता है

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 10:36 AM
Story continues below Advertisement
Missed Train Rules: ट्रेन छूटने के बाद तुरंत TDR (Ticket Deposit Receipt) फाइल करना जरूरी होता है। 

अक्सर लोग ट्रेन पकड़ने के लिए समय से पहले घर से निकलते हैं, लेकिन कई बार ट्रैफिक जाम, अचानक काम या रास्ते में आई किसी परेशानी के कारण ट्रेन छूट जाती है। जैसे ही ट्रेन छूटती है, मन में घबराहट के साथ कई सवाल उठने लगते हैं—क्या टिकट बेकार हो जाएगा, रिफंड मिलेगा या उसी टिकट से दूसरी ट्रेन में सफर किया जा सकता है? कई यात्री बिना पूरी जानकारी के जल्दबाजी में गलत फैसला ले लेते हैं, जिससे नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ऐसे समय में सही जानकारी होना बेहद जरूरी है, क्योंकि भारतीय रेलवे के कुछ खास नियम हैं जो आपकी मदद कर सकते हैं। अगर इन नियमों को पहले से जान लिया जाए, तो ट्रेन छूटने के बाद भी आप सही कदम उठाकर नुकसान से बच सकते हैं और अपनी यात्रा को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।

जनरल टिकट वालों के लिए थोड़ी राहत


अगर आपके पास जनरल टिकट है, तो आप उसी कैटेगरी की अगली ट्रेन से सफर कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि टिकट की वैधता खत्म न हो। आमतौर पर जनरल टिकट 3 घंटे या पहली उपलब्ध ट्रेन तक ही मान्य होता है।

हर ट्रेन में नहीं चलता जनरल टिकट

मेल, एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी ट्रेनों में जनरल टिकट मान्य नहीं होता। अगर इन ट्रेनों में सफर करते पकड़े गए, तो भारी जुर्माना देना पड़ सकता है।

रिजर्वेशन टिकट छूट गया तो?

अगर आपकी कन्फर्म टिकट वाली ट्रेन छूट गई, तो उसी टिकट से दूसरी ट्रेन में सफर करना नियम के खिलाफ है। ऐसा करने पर TTE जुर्माना लगा सकता है।

जुर्माना न देने पर बढ़ सकती है मुसीबत

अगर यात्री जुर्माना देने से इनकार करता है, तो मामला गंभीर हो सकता है। ऐसी स्थिति में रेलवे पुलिस कार्रवाई कर सकती है और कानूनी परेशानी भी हो सकती है।

रिफंड पाने का सही तरीका

ट्रेन छूटने के बाद तुरंत TDR (Ticket Deposit Receipt) फाइल करना जरूरी होता है। हालांकि, आमतौर पर रिफंड मिलना मुश्किल होता है, लेकिन अगर ट्रेन 3 घंटे से ज्यादा लेट थी और आपने यात्रा नहीं की, तो पूरा पैसा वापस मिल सकता है।

अगले स्टेशन से भी पकड़ सकते हैं ट्रेन

रेलवे का एक खास नियम यह भी कहता है कि ट्रेन छूटने के बाद अगले 2 स्टेशनों तक आपकी सीट किसी और को नहीं दी जाती। यानी अगर आप जल्दी से अगले स्टेशन पहुंच जाएं, तो अपनी सीट बचा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।